मोदी ने लाल किले से भाई भतीजावाद, भ्रष्टाचार पर जमकर किया प्रहार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से संबोधन के दौरान भ्रष्टाचारियों पर भी जमकर प्रहार किया। उन्होंने बगैर किसी का नाम लिए भ्रष्टाचार के दोषियों पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने इसके खिलाफ जंग में भारतवासियों का सहयोग भी मांगा है। इस दौरान उन्होंने भाई भतीजावाद के मुद्दे का भी जिक्र किया और कहा कि राजनीति के अलावा भी यह कई क्षेत्रों को प्रभावित कर रहा है।सोमवार को जब पीएम मोदी लाल किले पर देश को संबोधित कर रहे थे, तो उन्होंने भ्रष्टाचार का समर्थन करने वालों पर सवाल उठाए। हालांकि, उन्होंने इस दौरान किसी का भी नाम नहीं लिया है, लेकिन उनकी बातों को बिहार के हालिया सियासी घटनाक्रम और राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में हुए प्रदर्शनों से जोड़कर देखा जा रहा है।पीएम ने कहा, 'कई लोग तो इस हाल तक चले जाते हैं कि कुछ लोग जिन्हें कोर्ट ने दोषी पाया है, जेल में हैं। उनका भी महिमांडन करते हैं। जब तक भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारी के प्रति नफरत का भाव पैदा नहीं होता है, तब यह मानसिकता खत्म नहीं होगी। हमें इनके प्रति जागरूक होने की जरूरत है।