मोदी के बयान पर महाराष्ट्र भाजपा ने दी सफाई
बिहार के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर हाल ही में राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा था कि भाजपा सिर्फ उन्हें ‘तोड़ती’ है, जो उनके साथ (भाजपा) विश्वासघात करते हैं। भाजपा नेता ने कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना ने पार्टी के साथ विश्वासघात किया और उसने परिमाण भुगते। सुशील मोदी की इस टिप्पणी से विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि महाराष्ट्र भाजपा सुशील मोदी की इस बात से सहमत नहीं हैं। महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी के नेता आशीष शेलार ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी ने शिवसेना में एकनाथ शिंदे की बगावत की 'योजना' नहीं बनाई थी।मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए शेलार ने कहा कि एकनाथ शिंदे ने शिवसेना नेतृत्व के साथ ''वैचारिक मतभेदों'' को लेकर बगावत की थी। शिवसेना के 55 में से 39 विधायकों के साथ शिंदे की बगावत के कारण जून में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार गिर गई थी। शिंदे ने 30 जून को भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। शेलार ने कहा, “एकनाथ शिंदे की बगावत शिवसेना नेतृत्व के साथ वैचारिक मतभेदों के कारण हुई थी। भाजपा ने इसकी योजना नहीं बनाई।" पूर्व मंत्री शेलार ने कहा, “भाजपा ने इसकी (विद्रोह की) योजना नहीं बनाई थी। सुशील कुमार मोदी का मतलब यह था कि वह जानना चाहते थे कि बालासाहेब ठाकरे द्वारा परिकल्पित हिंदुत्व की रक्षा और संरक्षण के लिए शिंदे को शिवसेना क्यों छोड़नी पड़ी।