Home > राज्यो से ,
कूनो-पालपुर नेशनल पार्क में नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से 8 चीते लाने की खास तैयारी

भारत में 70 साल बाद फिर से चीते दिखाई देंगे। मध्यप्रदेश में चीतों के स्वागत की तैयारी पूरी हो चुकी है। श्योपुर के कूनो-पालपुर नेशनल पार्क में नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से 8 चीते लाने की खास तैयारी की गई है। 15 अगस्त तक कूनो में चीते पहुंच जाएंगे। हालांकि आधिकारिक रूप से तारीख की घोषणा नहीं हुई है।

नामीबिया में भारत आने वाले 8 चीते (4 नर व 4 मादा) दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया विश्वविद्यालय में प्रो. एड्रियन ट्रोडिफ की देखरेख में हैं। प्रो. ट्रोडिफ ने इन चीतों की तस्वीरें व वीडियो पहली बार  उपलब्ध कराए हैं।सरकार के सूत्रों के मुताबिक 12 अगस्त को चीतों को नामीबिया से जोहान्सबर्ग हवाई मार्ग से लाने की तैयारी है। इसमें करीब 2 घंटे 10 मिनट का समय लगेगा। इसी दिन जोहान्सबर्ग से इन्हें दिल्ली लाया जा सकता है, जिसमें करीब 14 घंटे लगेंगे। दिल्ली से ग्वालियर तक इन्हें चार्टर प्लेन से लाया लाएगा। यहां से कूनो तक सड़क मार्ग से ले जाया जाएगा। यानी 13-14 अगस्त तक चीतेों के कूनो पार्क पहुंचने की उम्मीद है। नामीबिया से आने के बाद चीतों को 30 दिन क्वारंटाइन में रखा जाएगा। इसके बाद इन्हें धीरे-धीरे बड़े बाड़ों में शिफ्ट किया जाएगा। बाद में खुले में भी छोड़ा जाएगा।

प्रो. ट्रोडिफ करीब दो दशकों से चीतों पर अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने वहां से भारत लाए जाने वाले 8 चीतों पर करीब से काम किया है। वे खुद भी दक्षिण अफ्रीकी चीतों के बैच के साथ भारत आकर प्रोजेक्ट के लिए काम करेंगे। उन्होंने बताया कि सफर के दौरान चीतों को हल्का सा ट्रैंकुलाइज किया जाएगा, ताकि वे शांत रहें। चीतों का नामीबिया में वैक्सीनेशन हो चुका है। प्रो. एड्रियन ट्रोडिफ ने बताया कि नामीबिया और भारत सरकार के बीच MoU हो चुका है। साउथ अफ्रीका के साथ MoU बाकी है। इसकी फाइल दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के पास है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद ही चीतों की पहली खेप भारत रवाना होगी।

कूनो-पालपुर राष्ट्रीय उद्यान: जहां चीते आएंगे, जानिए वहां कैसी तैयारी है?
कूनो-पालपुर राष्ट्रीय उद्यान करीब 750 वर्ग किलोमीटर के दायरे में फैला है। चीतों को फिर से बसाने के लिए देश के सबसे बेहतर पर्यावास में से यह एक है। इसमें चीतों के लिए अच्छे शिकार की सुविधा भी मौजूद है, क्योंकि यहां हिरण, चिंकारा, नीलगाय, सांभर, लंगूर एवं चीतल बड़ी तादाद में हैं।

चीतों की मनपसंद खुराक चीतल है। ऐसे में पिछले महीने पेंच टाइगर रिजर्व से 26 चीतल की एक और खेप कूनो लाई गई, जिसमें 21 मादा व 5 नर शामिल हैं। यहां चीतलों की संख्या 500 से ज्यादा हो चुकी है।

केंद्र सरकार की कोशिश है कि पहले चरण में 8 चीते यहां शिफ्ट करा दिए जाएं। इसके लिए केंद्र के दो अफसर दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर हैं। दूसरी तरफ कूनो नेशनल पार्क में चीतों का नया घर बनकर लगभग तैयार हो चुका है।

Share This News :