Home > राज्यो से ,
अब सभापति की जंग: भाजपा की बाड़ेबंदी, पार्षदों को भेजा दिल्ली

मध्य प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में ग्वालियर महापौर सीट हारने के बाद अब भाजपा सभापति बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। ग्वालियर सभापति के लिए 5 अगस्त को वोटिंग होनी है, इससे ही पहले भाजपा ने अपने नवनिर्वाचित पार्षदों की बाड़ाबंदी शुरू कर दी है। इसी को लेकर ग्वालियर में नवनिर्वाचित भाजपा के 34 पार्षदों को दिल्ली बुलाया गया है। ये सभी 34 पार्षद मंगलवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि दिल्ली में भाजपा का वरिष्ठ नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर 34 पार्षदों के साथ बैठक लेंगे। सूत्रों की मानें तो सभी 34 पार्षद सभापति की वोटिंग के दिन वापस लौटेंगे।भाजपा के जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी के नेतृत्व में सभी नवनिर्वाचित भाजपा के 34 पार्षदों को मंगलवार को बस के द्वारा दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया है। गौरतलब है कि ग्वालियर नगर निगम के सभापति के लिए 5 अगस्त को वोटिंग होनी है। इसी को लेकर भाजपा कांग्रेस अपना-अपना सभापति बनाने का दावा ठोंक रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने अपने पार्षदो को अंडर ग्राउंड कर दिया है। अब भाजपा को डर है कि कहीं उनके पार्षद सभापति को लेकर क्रॉस वोटिंग ना कर दें। यही वजह है कि क्रॉस वोटिंग के डर से भाजपा ने अपने सभी 34 पार्षदों को दिल्ली बुला लिया है।

Share This News :