Home > अपना शहर ,
श्रमिकों के बच्चों की छात्रवृत्ति स्वीकृत कराने के लिये जब कमिश्नर ने पोर्टल खुलवाया

कमिश्नर श्री रूपला ने संभागीय अधिकारियों से की योजनाओं की समीक्षा

श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिये चिंतित संभागीय कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला को लोक शिक्षण के संयुक्त संचालक ने बताया कि छात्रवृत्ति का पोर्टल बंद हो गया है, इस कारण से श्रमिक बच्चों की छात्रवृत्ति स्वीकृत नहीं हो सकी है। इस पर तत्काल कमिश्नर श्री रूपला ने आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल से मोबाइल पर चर्चा करके श्रमिक बच्चों की छात्रवृत्ति स्वीकृत कराने के लिये पोर्टल खुलवाने का अनुरोध किया। इस पर कमिश्नर को पोर्टल खोलने का आश्वासन मिलने पर कमिश्नर ने लोक शिक्षण के संयुक्त संचालक को निर्देश दिए कि वे आज ही भोपाल चर्चा करके श्रमिकों की छात्रवृत्ति स्वीकृत कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। यह कार्यवाही कमिश्नर श्री रूपला ने बुधवार को मानसभागार में संभागीय अधिकारियों की बैठक के दौरान दी। कमिश्नर श्री रूपला प्रति बुधवार को संभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर उनकी विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हैं।

      कमिश्नर श्री रूपला ने लोक शिक्षण की योजनाओं की समीक्षा के दौरान संयुक्त संचालक को निर्देश दिए कि अशोकनगर और दतिया जिले के विद्यार्थियों के आधारकार्ड बनाने की प्रगति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने संयुक्त संचालक से कहा कि दोनों जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों को हिदायत दें कि इस कार्य में प्रगति लायें।

कार्य में रूचि नहीं लेने पर पुरातत्व के उपसंचालक के खिलाफ होगा नोटिस जारी

      मोतीमहल के क्षतिग्रस्त कार्य के लिये राज्य शासन से स्वीकृत राशि का आहरण नहीं कराने और क्षतिग्रस्त कार्य के टेण्डर आदि की कार्यवाही नहीं कराने पर असंतुष्ट हुए कमिश्नर श्री रूपला ने पुरातत्व विभाग के उपसंचालक श्री एस आर वर्मा को नोटिस जारी करने के निर्देश उपायुक्त राजस्व को दिए हैं। उल्लेखनीय है कि पुरातत्व विभाग के उपसंचालक की उदासीनता के कारण पूर्व में स्वीकृत हुई राशि लेप्स हो चुकी है। कमिश्नर श्री रूपला के प्रयासों से मोतीमहल जीर्णोद्धार कार्य के लिये डेढ़ करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत हुई है। कमिश्नर श्री रूपला ने मोतीमहल के क्षतिग्रस्त कार्य में गति लाने तथा प्राप्त राशि के आहरण के लिये मौके पर ही पुरातत्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मोबाइल पर चर्चा की।

जननी सुरक्षा के भुगतान में विलम्ब क्यों

      स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए कमिश्नर श्री रूपला ने स्वास्थ्य क्षेत्रीय संचालक डॉ. एस के भदकारिया से पूछा कि जननी सुरक्षा योजना में अच्छी प्रगति है, पर भुगतान में विलम्ब क्यों है। कमिश्नर ने कड़ी हिदायत देते हुए निर्देश दिए कि स्वास्थ्य योजनाओं में गति लायें। अशोकनगर, शिवपुरी में संस्थागत प्रसव की स्थिति ठीक नहीं है। इसकी लगातार मॉनीटरिंग करें। संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास कटे-फटे होंठ वाले बच्चों का पुन: सर्वे करायें। समीक्षा के दौरान बताया कि अभी तक 121 बच्चों के होंठों का ऑपरेशन करके उपचार किया है। सर्वे में कुल 183 बच्चे कटे-फटे होंठ के पाए गए थे। ट्रायबल विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर सभी योजनाओं में और अधिक गति लाने के निर्देश दिए।

फसल बीमा में कोई प्रगति नहीं होने पर असंतोष व्यक्त

      रबी फसल के दौरान किसानों का  फसल बीमा में कोई प्रगति नहीं लाने पर कमिश्नर श्री रूपला ने किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के संयुक्त संचालक श्री राजीव जोशी के खिलाफ असंतोष व्यक्त करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश बैठक में दिए। कमिश्नर ने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि संयुक्त संचालक श्री जोशी एक माह बाद बैठक में उपस्थित हुए हैं और बीमा योजना के प्रगति का डाटा भी निल बताया जा रहा है। कमिश्नर ने कहा कि किसानों का रबी फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 15 जनवरी निर्धारित की गई है। जिसमें बहुत कम समय रहा है। उन्होंने कहा जहाँ बैंकर्स की बैठकें होना हों वहाँ शीघ्र बैठकें कराके किसानों का रबी फसल बीमा कराया जाए। कमिश्नर श्री रूपला ने सहकारिता संयुक्त आयुक्त श्री राज किशोर वाजपेयी के धान खरीदी भुगतान की कार्यप्रणाली से अनभिज्ञ होने पर असंतोष व्यक्त किया। श्री रूपला ने दतिया के एसडीएम श्री वीरेन्द्र कटारे द्वारा विभागीय जाँच कार्यों में रूचि नहीं लेने पर असंतोष व्यक्त किया।

 

Share This News :