कैंडिडेट चुनने में चूक गई BJP
मध्यप्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दल नगरीय निकाय चुनाव में अपनी-अपनी जीत का दावा कर जश्न मना रहे हैं। लेकिन इन नतीजों ने दोनों ही दलों को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के लिहाज से बड़ा संदेश भी दिया है। नतीजे एकतरफा नहीं रहे। बीजेपी को 7 नगर निगम में मेयर पद गंवाना पड़ा है। तो छोटे शहरों में कांग्रेस के प्रदर्शन ने उसे मिशन 2023 की रणनीति पर दोबारा सोचने पर मजबूर किया। नतीजों के बाद जीत के जश्न के साथ ही चिंतन, मनन और दूसरी हलचल का दौर शुरू हो गया है।
जबलपुर में हारे बीजेपी उम्मीदवार डॉ जितेंद्र जामदार ने गुरुवार को भोपाल में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। ऐसे ही ग्वालियर में महापौर का चुनाव हारी सुमन शर्मा भी भोपाल में संगठन के नेताओं से मिलीं। माना जा रहा है कि हारे उम्मीदवारों को फीडबैक लेने के लिए तलब किया गया हैं।
नगर निगम में सीटों के आधार पर देखें, तो कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। उसने बीजेपी के गढ़ ग्वालियर, जबलपुर और रीवा में सेंध लगा दी है। लेकिन ये नतीजे ऐसे नहीं है कि कांग्रेस सवा साल बाद होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए निश्चिंत बैठ सके। कांग्रेस के 3 बड़े शहरों में मेयर पद के लिए उतरे 3 विधायक हार गए। जबकि पार्टी को 5 शहरों पर कब्जा दिलाने वाले महापौर साधारण कार्यकर्ता हैं।
बीजेपी का कभी प्रदेश के सभी 16 नगर निगमों पर कब्जा था। इन चुनाव में उसे 7 नगर निगम खोने पड़े। दो नगर निगम में छोटे अंतर से जीत मिली। यही वजह है कि नतीजों ने बीजेपी सरकार और संगठन को सोचने पर मजबूर कर दिया है। साथ ही, दो नए दलों आम आदमी पार्टी और ओवैसी की AIMIM की एंट्री भी दोनों मुख्य दलों लिए विधानसभा चुनाव के लिहाज से खतरे की घंटी है। जानकार कहते हैं कि निकाय चुनाव के नतीजों का सीधा असर 2023 के विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा। आपको बताते हैं कि आने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कितनी सीटों पर निकाय चुनाव का असर होगा।
BJP जीत का दावा नहीं कर सकती, क्योंकि...
पिछली बार हुए चुनाव में सभी 16 नगर निगमों में बीजेपी के महापौर बने थे। इस बार उसे 7 नगर निगमों से हाथ धोना पड़ा है। इनमें तीन शहर ग्वालियर, जबलपुर और रीवा शामिल हैं। ग्वालियर में 57 साल, रीवा में 24 साल और जबलपुर में 18 साल तक बीजेपी का महापौर रहा। फिर 17 साल (15 महीने कमनाथ की सरकार को छोड़कर) से बीजेपी सत्ता में है। इसलिए एंटी इनकंबेंसी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। राजनीति गुणा-भाग से देखें तो बीजेपी बुरहानपुर और उज्जैन बाउंड्री पर आकर जीती है।
कांग्रेस की भी हार नहीं, क्योंकि...
16 में से केवल 5 नगर निगमों में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी जीते हैं। ये कांग्रेस के लिए अच्छे संकेत है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में कांग्रेस जीती है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के लोकसभा क्षेत्र भोपाल में पार्टी को हार मिली है। दिग्विजय के प्रभाव वाले राजगढ़ और ब्यावरा नगरपालिका के अलावा सुठालिया, माचलपुर, छापीहेड़ा, जीरापुर, खिलचीपुर नगर परिषद में कांग्रेस को हार का समाना करना पड़ा। इसके बाद भी कांग्रेस के लिए ये नतीजे पिछले चुनाव के मुकाबले कहीं बेहतर हैं।
5 नगर निगम में मेयर पद पर कब्जा करने के साथ उज्जैन और बुरहानपुर में भी उसने बीजेपी को कड़ी चुनौती दी। सतना में की मामूली अंतर से हार हुई है क्योंकि बीएसपी से चुनावी मैदान में कांग्रेस का बागी उतर गया था। इसकी वजह सतना में बीजेपी को फायदा हो गया।
2 केंद्रीय और 9 शिवराज कैबिनेट के मंत्री, फिर भी नुकसान
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में दो केंद्रीय मंत्रियों के अलावा चंबल क्षेत्र से शिवराज कैबिनेट में 9 मंत्री हैं। इस लिहाज से बीजेपी को नुकसान है। खासकर इसलिए भी कि करीब सवा दो साल पहले जब ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी का दामन थामा था, तब कहा गया कि कांग्रेस के पास इस क्षेत्र में अब कोई चेहरा नहीं बचा। बीजेपी अपने लिए चंबल क्षेत्र में वॉकओवर की उम्मीद कर रही थी, लेकिन कांग्रेस ने ग्वालियर- मुरैना जीत कर झटका दे दिया।
बीजेपी में बड़े नेताओं के बीच मतभेद
ऐसा पहली बार होगा, जब निकाय चुनाव के ठीक एक बाद विधानसभा के चुनाव होंगे। निकाय चुनाव के नजीते बताते हैं कि भले ही कांग्रेस की तुलना में बीजेपी ने ज्यादा निकायों पर कब्जा किया है। बाबजूद इसके बीजेपी को अपने घर को दुरुस्त करना होगा। ग्वालियर और रीवा जैसी जगहों पर पार्टी के पिछड़ने का बड़ा कारण नेताओं के बीच मतभेद रहा। कटनी और रीवा में उम्मीवारों के चयन में स्थानीय कार्यकर्ताओं व नेताओं की अनदेखी कर फैसला महंगा पड़ा गया। ग्वालियर में अंतिम समय तक उम्मीदवार को लेकर असमंजस की स्थिति रही। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और स्थानीय बीजेपी नेताओं के बीच टकराव देखने को मिला।