चंबल में सिंधिया-तोमर पर भारी पड़े कमलनाथ-गोविंद सिंह
नगर निगम के दूसरे चरण के चुनाव में दो बड़े उलटफेर हुए हैं। कटनी में बीजेपी की बागी निर्दलीय उम्मीदवार प्रीति सूरी जीत गई हैं। यहां बीजेपी की उम्मीदवार ज्योति दीक्षित की हार पूर्व मंत्री संजय पाठक के लिए बड़ा झटका है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यहां पूरी ताकत झोंकी थी, बावजूद इसके बीजेपी ने यह सीट गंवा दी। दूसरे चरण में बीजेपी-कांग्रेस को 2-2 महापौर सीट मिली हैं। जबकि एक सीट पर बीजेपी की बागी निर्दलीय ने कब्जा किया है। पहले चरण में 7 महापौर सीट BJP ने जीतीं थी जबकि कांग्रेस को 3 व एक आप आदमी पार्टी के खाते में गई थीं।
मुरैना में मीना चुनाव हार गई हैं। यहां से कांग्रेस की शारदा सोलंकी महापौर बन गई हैं। मुरैना केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का संसदीय क्षेत्र है। यहां सिंधिया ने भी पूरी ताकत लगाई थी, बावजूद इसके बीजेपी को हार का मुंह देखन पड़ा। रीवा में 24 साल बाद कांग्रेस का सूखा खत्म हुआ है। यहां कांग्रेस के अजय मिश्रा ने बीजेपी के प्रबोध व्यास को हरा कर चौका दिया है। उन्हें 'बाबा' के नाम से जाना जाता है। रतलाम और देवास में बीजेपी महापौर की कुर्सी बचाने में कामयाब रही। रतलाम में बीजेपी के प्रहलाद पटेल ने कांग्रेस के मयंक जाट और देवास में बीजेपी की गीता अग्रवाल ने कांग्रेस की विनोदिनी व्यास को हराया।पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला विंध्य के बड़े नेता हैं। वे चाहते थे कि महापौर का टिकट व्यंकेश पांडे को दिया जाए, लेकिन संगठन ने प्रबोध व्यास को मैदान में उतारा था। तब शुक्ला ने पार्टी को संदेश दे दिया था कि यदि वे (वीडी शर्मा ) अपने प्रत्याशी को जिताने की गारंटी लेते हैं, तो उन्हें आपत्ति नहीं है। उम्मीदवार के चयन को लेकर शुक्ला के समर्थकों की नाराजगी चुनाव के दौरान देखी गई थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने यहां पूरी ताकत झोंक दी थी, बावजूद इसके बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं, शुक्ला के गृह वार्ड क्रमांक 23 में भी बीजेपी हार गई है।