Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सबसे पहले गार्बेज शुल्क और जलकर के पुराने बिल माफ करेंगे : मेयर डॉ. शोभा सिकरवार

ग्वालियर की नवनिर्वाचित मेयर डॉ. शोभा सिकरवार ने भाजपा में ही रहकर राजनीति का क,ख,ग सीखा फिर उसकी राजनीति के दम पर महापौर को लेकर भाजपा की 57 साल की जीत का गुरुर तोड़ते हुए कांग्रेस से मेयर बनी। अगले पांच साल शोभा के लिए चुनौती भरे होने वाले हैं। मेयर तो वह बन गई हैं, लेकिन परिषद में बहुमत के जादुई आंकड़े को भी वह पाना चाहती हैं। उनका दावा है कि मेयर, मेयर इन काउंसिल, सभापति सभी कांग्रेस का बनेगा।

सवाल: अगले पांच साल के लिए क्या चुनौतिया हैं
जवाब: ग्वालियर का विकास मेरी प्राथमिक चुनौती रहेगी। पिछले वर्षो में विकास के नाम पर ग्वालियर की जनता को त्रस्त किया गया है। इसलिए मेरा पूरा फोकस शहर के विकास पर रहेगा।

सवाल: क्या लक्ष्य निर्धारित किया है अपने लिए
जवाब: सबसे पहले गार्बेज शुल्क पर काम करेंगे। जलकर के पुराने बिल माफ करेंगे और जलकर से संबंधित नए बिल लाएंगे संशोधन के लिए। इसके साथ ही सड़क, महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा इन पर काम करना मेरा लक्ष्य है। जिसे मैं हर हाल में पूरा निभाऊंगी।

सवाल: मेयर आप है परिषद विपक्ष की होगी कैसे प्रस्ताव पास करा पाएंगी
जवाब: कुछ हक मेयर के पास ही होते हैं, लेकिन नीतिगत मामलों के प्रस्ताव को मेयर इन काउंसिल से पास होने के बाद परिषद से अनुमोदन लेना होता है। कुछ निर्दलीय पार्षद अपनी स्वेच्छा से कांग्रेस के पक्ष में आ गए हैं। इसलिए मेयर, मेयर इन काउंसिल व सभापति सभी कांग्रेस के होंगे। इसलिए जनता से जुड़े सभी प्रस्ताव हम पास करा लेंगे।

सवाल: भाजपा से राजनीति सीखकर उनकी ही 57 साल की बादशाहत कर दी ध्वस्त
जवाब: सब जनता ने किया। यह जनता का प्यार और आशीर्वाद है। 57 साल से जनता त्रस्त थी। भाजपा विकास के नाम पर लोगों को परेशान कर रही थी। ऐसे में मुझे एक बदलाव के रूप में शहर की जनता ने आशीर्वाद दिया है। जनता ने जैसा मुझ पर विश्वास दिखाया है वैसा ही मैं उनके लिए हमेशा तैयार रहूंगी।

सवाल: आपकी जीत के तीन वजह जिसने आपको मेयर बनवा दिया
जवाब: जनता बदलाव चाहती है। भाजपा से लोग त्रस्त हो चुके थे। सड़क, बिजली पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का आभाव था, इसलिए जनता बदलाव की ओर देख रही थी। यही कारण है कि बदलाव की ओर जनता का वोट गिरा। कांग्रेस ने सभी ओर एक तरफ जीत दर्ज की है। भाजपा की नाकामियों को जनता ने समझ लिया है। मेरी जीत की तीन वजह कड़ी मेहनत, समय पर लोगों के साथ खड़े होना और विपक्ष से जनता का त्रस्त होना है।

Share This News :