क्यों हारी आम आदमी पार्टी? सांसद राघव चड्ढा ने बताई वजह
संगरूर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की करारी हार से 'आप' को बड़ा झटका लगा है। इस सीट पर शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) प्रत्याशी 77 वर्षीय सिमरनजीत सिंह मान को जीत मिली है। 'आप' ने संगरूर जिलाध्यक्ष गुरमेल सिंह को मैदान में उतारा था। 'आप' के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने हार के लिए कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों के वोट शेयर में आई गिरावट को जिम्मेदार ठहराया है।
आप' के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने संगरूर उपचुनाव में अपनी पार्टी की हार के लिए कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों के वोट शेयर में आई गिरावट को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि दूसरों की हार जीतने वाले प्रत्याशी सिमरनजीत मान के लिए लाभ बन गई।
इस साल की शुरुआत में हुए पंजाब विधानसभा चुनावों में 'आप' की शानदार जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राघव चड्ढा ने ट्विटर पर कहा कि हालांकि, आप सीट हार गई है, लेकिन उसने अपना वोट शेयर 37 फीसदी से मामूली गिरावट के साथ 35 फीसदी पर बरकरार रखा है।
पंजाब के राज्यसभा सांसद चड्ढा ने ट्वीट कर कहा, ''पूरी विनम्रता के साथ हम संगरूर के जनादेश को स्वीकारते हैं। हम और मेहनत करेंगे। अकाली दल 24% से गिरकर 6%, कांग्रेस 27% से गिरकर 11%, 'आप' 37% से गिरकर 35% इससे जाहिर है कि 'आप' का वोट बना रहा। बाकी पार्टियों का वोट सिमरनजीत सिंह को गया। पंजाब ने दूसरी पार्टियों का सफाया कर दिया।''