Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
टिकट नहीं मिलने से भाजपा-कांग्रेस में बगावत: सिंधिया समर्थक ने छोड़ी भाजपा, नाराज कार्यकर्ता ने किया आत्महत्या का प्रयास

प्रदेश में हो रहे नगरीय निकाय चुनाव में नामांकन जमा करने का समय खत्म हो गया है। दोनों ही दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। सूची जारी होते ही दोनों दलों में नेताओं और कार्यकर्ताओं के बगावती सुर सुनाई दे रहे हैं। कांग्रेस की अपेक्षा भाजपा में घोषित प्रत्याशियों का ज्यादा विरोध हो रहा है।गुना नगरपालिका में भाजपा से टिकट के लिए दावेदारी कर रहे अमित सोनी टिकट न मिलने से बागी हो गए। उन्होंने पार्टी से बगावत कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया। अमित सोनी पूर्व में युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वह सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए थे। गुना नगरपालिका में पार्षद पद के लिए वह दावेदारी कर रहे थे, लेकिन उनका टिकट नहीं हो पाया। वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ विधायक जयवर्धन सिंह के समक्ष कांग्रेस में शामिल हो गए।देवास में पार्षद का टिकट नहीं मिलने से नाराज भाजपा कार्यकर्ता भोजराज सिंह जादौन ने आत्मदाह का प्रयास किया है। जादौन वार्ड 25 से टिकट के दावेदार थे। उन्होंने भाजपा कार्यालय में पहले अपना पक्ष रखा और अपने ऊपर केरासिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। उसके साथियों ने उसे आग लगने के पहले ही पकड़ लिया। भोजराज सिंह जादौन ने अपने लिए टिकट मांगा था, लेकिन वहां वार्ड के व्यक्ति को टिकट नहीं देते हुए पार्टी ने बाहरी प्रत्याशी को वहां से टिकट दे दिया। जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया, आज वार्ड के कई लोग बीजेपी कार्यालय पहुंचे थे और अपना पक्ष रखते हुए भाजपा के पदाधिकारियों से चर्चा की गई।

बीना में भाजपाइयों ने फूंका पुतला
गणेश वार्ड से भाजपा ने गौरीशंकर राय को टिकट दिया है। विधायक महेश राय के खास माने जाने वाले राजा बाबू सिंह यादव इस निर्णय से इतने आक्रोशित हुए कि उन्होंने प्रत्याशी गौरीशंकर राय के विरोध में पुतला दहन कर दिया। गणेश वार्ड में रहने वाले नंदकिशोर चौधरी ने बताया कि वह भाजपा से टिकट के दावेदारों में थे। भाजपा ने बाहरी प्रत्याशी को टिकट दे दिया। अब वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।

मुरैना: भाजपा से महापौर पद की दावेदार ने छोड़ी पार्टी, आप ने बनाया प्रत्याशी

भाजपा की लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता रहीं ललिता जाटव ने पार्टी से बगावत करते हुए उसका दामन छोड़ दिया है। यह कदम उनको पार्टी द्वारा महापौर का टिकट न दिए जाने के कारण उठाया जाना बताया जा रहा है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताया है और पार्टी ने भी उन्हें महापौर का टिकट दे दिया है। बता दें, कि ललिता जाटव के साथ ही उनके पति पवन जाटव व उनके स्वसुर अजीत जाटव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भाजपा को अलविदा कह दिया है। इसी के साथ उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। इसके पीछे मुख्य कारण भाजपा द्वारा उन्हें महापौर प्रत्याशी का टिकट न दिया जाना बताया जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने उन पर सीट निकालने का भरोसा जताते हुए महापौर के टिकट दे दिया है।

 भाजपा में फूटा गुस्सा, अध्यक्ष की दावेदार ने दिया इस्तीफा

भाजपा द्वारा नगर परिषद पार्षद पद के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने के बाद जमकर विरोध हो रहा है। सूची में नाम नहीं होने पर बेटमा नगर परिषद अध्यक्ष पद की दावेदार भाजपा की पूर्व पार्षद और जिला कार्यकारिणी सदस्य ललिता सुलाखिया ने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।

Share This News :