BJP में ग्वालियर-रतलाम में क्यों फंसा पेंच?:इंदौर से इन्हे मिला मेयर का टिकिट
मध्यप्रदेश में बीजेपी ने महापौर पद के 16 में से 14 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। मंगलवार रात प्रदेश नेतृत्व ने इंदौर से पुष्यमित्र भार्गव का नाम महापौर उम्मीदवार के लिए फाइनल कर दिया। वहीं, ग्वालियर और रतलाम पर अभी भी निर्णय नहीं हो सका है। सबसे बड़ा पेंच ग्वालियर में फंसा है। यहां केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और नरेंद्र सिंह तोमर के बीच सहमति नहीं बन पा रही। यहां सिंधिया ने पूर्व मंत्री माया सिंह का नाम बढ़ाया, जबकि तोमर सुमन शर्मा की पैरवी कर रहे हैं। ग्वालियर में सिंधिया, तोमर व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के बीच बैठक हुई। शाम में सिंधिया और नरेंद्र सिंह तोमर एक ही फ्लाइट से ग्वालियर पहुंचे थे। रतलाम को लेकर बीजेपी को कांग्रेस उम्मीदवार का नाम सामने आने का इंतजार है।
ग्वालियर में ब्राह्मण उम्मीदवार उतारने का दबाव
बीजेपी सूत्रों का कहना है कि ग्वालियर में स्थानीय नेताओं ने पार्टी पर दबाव बनाया है कि यहां से किसी ब्राह्मण महिला को टिकट दिया जाए। क्योंकि यह सीट अनारक्षित है, जबकि पूर्व मंत्री माया सिंह ओबीसी वर्ग से आती हैं। उनका नाम ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रस्तावित किया है। वहीं, दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सुमन शर्मा का नाम प्रस्तावित किया है। उनके समर्थकों का कहना है कि माया सिंह की उम्र 71 साल से ज्यादा है, जो पार्टी के बनाए क्राइटेरिया से बाहर है। एक नेता का कहना है कि एक ही परिवार से कितनी बार मौका दिया जाए?
ग्वालियर में ब्राह्मण समाज की बैठक
सूत्रों का कहना है कि माया सिंह का टिकट लगभग फाइनल होने की खबर जब ब्राह्मण समाज को मिली तो उन्होंने सोमवार देर शाम एक बैठक बुलाई। बैठक में प्रस्ताव पारित किया कि ग्वालियर से ब्राह्मण चेहरे को ही मैदान में उतारा जाए। यही वजह है कि सोमवार को भोपाल में हुई बैठक के बाद प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की गई। मंगलवार सुबह भी ग्वालियर में स्थानीय नेताओं ने संदेश भेजा कि ब्राह्मण को ही टिकट दिया जाए।
सुमन शर्मा का दावा इसलिए मजबूत
ग्वालियर से सबसे मजबूत नाम सुमन शर्मा का है। वे भाजपा और महिला मोर्चा में अनेक पदों पर रह चुकी हैं। जयपुर विवि की अध्यक्ष रह चुकीं सुमन के ससुर डॉ. धर्मवीर भाजपा से मेयर और विधायक रह चुके हैं। उनके पति यशवीर शर्मा भी भाजपा के सक्रिय नेता थे, लेकिन विगत दिनों उनका निधन हो गया। तोमर के अलावा विवेक शेजवलकर, जयभान सिंह पवैया और अनूप मिश्रा भी सुमन को टिकट देने के पक्ष में हैं।
रतलाम का टिकट कांग्रेस के कारण रुका
भाजपा ने रतलाम से महापौर उम्मीदवार की घोषणा को होल्ड कर दिया है। इसकी वजह है कि कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। BJP कांग्रेस उम्मीदवार के घोषित होने का इंतजार कर रही है। बता दें कि कांग्रेस में पेंच इसलिए फंसा है, क्योंकि पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने राजीव रावत और उनके पुत्र और युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने युवा चेहरा मयंक जाट को उम्मीदवार बनाने का दबाव पार्टी पर बनाया है। चूंकि मयंक जाट पर एक केस चल रहा है, जिस पर फैसला 15 जून को आना संभावित है। इस फैसले के बाद ही कांग्रेस उम्मीदवार घोषित करेगी।