BJP के महापौर प्रत्याशियों का ऐलान थोड़ी देर में संभव
मध्यप्रदेश में बीजेपी के महापौर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान सोमवार देर रात तक हो सकता है। इसे लेकर भोपाल स्थित प्रदेश बीजेपी दफ्तर में नामों को लेकर आखिरी दौर का मंथन हुआ। बैठक में सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद रहे। ये बैठक खत्म हो चुकी है। माना जा रहा है कि थोड़ी ही देर में नामों का ऐलान हो सकता है। इससे पहले प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि प्रक्रिया पूरी होते ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। प्रक्रिया आज पूरी हो जाएगी।
सुबह भी बीजेपी दफ्तर पहुंचे थे CM शिवराज
दिल्ली रवाना होने से पहले भी मुख्यमंत्री बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे। यहां पर करीब आधे घंटे तक महापौर प्रत्याशियों के नामों को लेकर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि इसके बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान लिस्ट लेकर दिल्ली रवाना हो गए।
दिल्ली में शाह से मिले CM शिवराज सिंह
सीएम शिवराज सिंह ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से चर्चा में उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में हम नई सहकारिता नीति बना रहे हैं। नीति आयोग और विषय विशेषज्ञों के साथ हमने व्यापक पैमाने पर विचार विमर्श किया है। कैसे सहकारिता के माध्यम से लोगों की आय बढ़े, उनको सगंठित करें। नए क्षेत्रों में सहकारिता के माध्यम से हम जाएं। इसके लिए हमने बहुत एग्रेसिव पॉलिसी बनाई है। इस पॉलिसी का ड्राफ्ट गृह एंव सहकारिता मंत्री शाह को भेंट किया है। इस पर चर्चा करके बाद सीएम शिवराज ने गृहमंत्री शाह को भोपाल में सहकारिता सम्मेलन में आने का न्यौता भी दिया।