Home > राज्यो से ,
अपना खून बहा दूंगी, लेकिन बंगाल का बंटवारा कभी नहीं होने दूंगी:' क्यों भड़कीं CM ममता?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वे 'अपना खून बहा देंगी लेकिन बंगाल का बंटवारा कभी नहीं होने देंगी।' उनका यह बयान पश्चिम बंगाल को काटकर अलग राज्य बनाने की मांग के बीच आया है। दरअसल भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा पश्चिम बंगाल को काटकर अलग राज्य बनाने की मांग के मद्देनजर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि राज्य को विभाजित करने की कोशिशों को विफल करने के वास्ते जरूरत पड़ने पर वह अपना खून तक बहाने के लिए भी तैयार हैं। ममता ने भाजपा पर 2024 के आम चुनाव से पहले राज्य में ‘‘अलगाववाद’’ को बढ़ावा देने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर बंगाल में सभी समुदाय के लोग दशकों से एक-दूसरे के साथ मिलकर रह रहे हैं, लेकिन भाजपा लोगों को बांटने की कोशिश कर रही है।

तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ने पार्टी की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘लोकसभा चुनाव करीब आने के साथ ही भाजपा अलग राज्य की मांग को हवा दे रही है। भाजपा कभी गोरखालैंड की मांग कर रही है, तो कभी अलग उत्तर बंगाल की मांग कर रही है। मैं जरूरत पड़ने पर अपना खून तक बहाने के लिए तैयार हूं, लेकिन राज्य को कभी विभाजित नहीं होने दूंगी।’’

तृणमूल ने ट्वीट किया, ‘‘ बंगाल एकजुट है। मैं अपना खून दे दूंगी, लेकिन मैं भाजपा को अपनी मनमर्जी से बंगाल को बांटने नहीं दूंगी। आप मुझे धमकी दे सकते हैं, मेरी छाती पर बंदूक तान सकते हैं , उसके बाद भी मैं एकजुट बंगाल के लिए संघर्ष करूंगी- अलीपुरद्वार में हमारी माननीय अध्यक्ष ममता।’’ लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए तृणमूल प्रमुख ने विकास परियोनजाएं गिनायीं।

Share This News :