Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
जब सिंधिया किचन में घुस गए

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा सहित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और पार्टी व संगठन के तमाम नेताओं को जबलपुर में स्वल्पाहार कराने वाले कार्यकर्ता आशीष अहिरवार की कहानी कम दिलचस्प नहीं है। परिवार पांच दिन से इस खातिरदारी की तैयारियों में जुटा था। परिवार को सब कुछ किसी सपने जैसा लग रहा है। परिवार के लिए सबसे यादगार पल बन गया जब सिंधिया किचन में घुस गए।

पांच दिन पहले नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर जी का फोन आया, बोले कि नड्‌डा जी को तुम्हारे घर स्वल्पाहार कराना है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुझ जैसे कार्यकर्ता के घर स्वल्पाहार करेंगे ये सोचकर ही रोमांचित हो गया। तुरंत हां बोल दिया। इसके बाद सांसद राकेश सिंह का फोन आया। इसके बाद मैं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सीएम सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं के सत्कार की तैयारी में जुट गया। हर छोटी सी छोटी बात का ख्याल रखा।

चाव से खाए बड़े और चटनी
पार्टी अध्यक्ष सहित इतने बड़े नेताओं को स्वल्पाहार देने के लिए नई क्रॉकरी खरीदकर लाया। ड्राई फ्रूट्स, फल, जूस, नमकीन जो अधिक तीखा न हो, मिठाइयां, बिस्किट आदि सामान का इंतजाम किया। ख्याल रखा कि हमारे सीएम साहब शुगर फ्री पसंद करते हैं, तो उस तरह की सामग्री जुटाई। मेरी दूर की भाभी पत्ता और अन्य मसाले डालकर चाय बहुत अच्छी बनाती हैं, तो उन्हें भी बुला लिया था। मेरी मां गनेशी बाई बड़े बनाती है, तो उसका भी इंतजाम किया था। साथ में सिलबट्‌टे पर टमाटर, पुदीना और अन्य सामग्री डालकर चटनी पिसवाई थी, जिससे उसका स्वाद बढ़ जाए। राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित सभी ने बड़े व चटनी को चाव से खाया।

10 मिनट का कार्यक्रम था, आधे घंटे रुके
मेरा घर एक चाल में है। वहां कई परिवार रहते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का 10 मिनट का कार्यक्रम तय था, पर वे सभी आधे घंटे तक रहे। मैं और मेरे परिवार के लिए तो सब कुछ सपने की तरह लग रहा था। मेरे जैसे कार्यकर्ता के घर में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम शिवराज सिंह, सिंधिया राजघराने के महाराज और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, संगठन मंत्री सहित प्रदेश प्रभारी और तमाम नेता पहुंचेंगे, ये तो मैं सोच भी नहीं सकता था। ये मेरी जिंदगी का अनमोल पल बन गया, जो ताउम्र रहेगा।महाराज नहीं, ऐसा लगा जैसे बड़े भाई हो सिंधिया
सबसे अलग छाप छोड़ी है ज्योतिरादित्य सिंधिया जी ने। कांग्रेस में थे तो महाराज जैसी छवि की कैद में थे, लेकिन मेरे घर में तो बड़े भाई जैसे दिखे। मेरी मां किचन में बड़े बना रही थी, अचानक सिंधिया जी वहां पहुंचे। मां का आशीर्वाद लिया। फिर हाथ पकड़कर बाहर लाए और सभी से परिचय कराया। बोले कि मेरी इस मां के हाथों के स्वाद का जादू इस बड़े में था। मेरे 8 महीने के बेटे दिव्यांश को गोद में लेकर दुलारा। यहां तक कि जब राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्‌डा जी और सीएम साहब ने मुझे अपने बीच बैठा लिए तो मुझे बिस्किट तक सिंधिया ने परोसा। सिंधिया जी का मेरे घर में अलग ही रूप दिखा। सभी ने मेरे पूरे परिवार के लोगों के साथ फोटो खिंचवाई।

 

Share This News :