Home > राज्यो से ,
कांग्रेस विधायकों की बाड़ेबंदी की तैयारी:क्रॉस वोटिंग का डर

राज्यसभा चुनावों में बीजेपी समर्थक निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा के मैदान में उतरने से कांग्रेसी खेमे की चिंताएं बढ़ गई हैं। कांग्रेस को अब बदले हुए हालात में क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है। कुछ कांग्रेस और समर्थक विधायकों की नाराजगी के बाद समीकरण गड़बड़ाते दिख रहे हैं। तीसरे उम्मीदवार की जीत पर खतरा पैदा हो गया है। कांग्रेस और समर्थक विधायकों को एकजुट रखने के लिए 3 जून से उदयपुर में बाड़ेबंदी की तैयारी की जा रही है। जिस होटल में कांग्रेस का चिंतन शिविर हुआ था, वहीं विधायकों की बाड़ेबंदी की तैयारी है। आज और कल जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में कांग्रेस का चिंतन शिविर के फैसलों को लागू करने के लिए विधायकों और प्रमुख नेताओं का कैंप है। इस कैंप से विधायकों को सीधे बाड़ेबंदी में ले जाया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद बाड़ेबंदी की बात कह चुके हैं।

कांग्रेस के नाराज विधायकों से बढ़ी चिंताएं, 3 निर्दलीय विधायक सीएम की बैठक से नदारद

कांग्रेस और समर्थक निर्दलीय विधायकों की नाराजगी ने कांग्रेसी खेमे की चिंताएं बढ़ा दी हैंं। कांग्रेस समर्थक निर्दलीय विधायकों की सीएम निवास पर हुई बैठक में तीन विधायक नहीं पहुंचे। सीएमआर पर हुई बैठक में निर्दलीय रमिला खड़िया, खुशवीर जोजावर, बलजीत यादव नहीं पहुंचे थे। इसके अलावा कई कांग्रेस विधायकों की नाराजगी भी चुनौती है। बीटीपी के दो विधायक भी सरकार से नाराज हैं और आदिवासी को उम्मीदवार बनाने पर ही समर्थन देने की शर्त रखी थी।

जीत के लिए 123 चाहिए, कांग्रेस के तीसरे उम्मीदवार पर खतरा

कांग्रेस के तीन उम्मीदवार मुकुल वासनिक, रणदीप सुरजेवाला और प्रमोद तिवारी मैदान में हैं। हर उम्मीदवार को जीत के लिए 41-41 विधायकों के वोट चाहिए। तीनों उम्मीदवारों के लिए 123 विधायकों के वोट जरूरी हैं। बदले हालात में अगर तीन विधायकों के वोट भी इधर उधर हो गए तो कांग्रेस के तीसरे उम्मीदवार की हार हो सकती है। कांग्रेस के पास खुद के 108 विधायक हैं। एक आरएलडी के सुभाष गर्ग हैं। 13 निर्दलीय, दो सीपीएम और दो बीटीपी विधायकों को मिलाकर कांग्रेस 126 विधायकों के समर्थन का दावा है। कांग्रेस के इस दावे के बावजूद सेंध का खतरा बना हुआ है। नाराज विधायक कांग्रेस का समीकरण बिगाड़ सकते हैं। चार निर्दलीय, दो बीटीपी विधायक कांग्रेसी खेमे से खिसके तो संख्या बल 120 ही रह जाएगा।

तीसरी वरीयता वाले उम्मीदवार पर खतरा रहेगा
राज्यसभा चुनावों में 10 जून को वोटिंग है। कांग्रेस रणनीति के तहत दो उम्मीदवारों को पहले सेफ करते हुए 41-41 वोट डलवाएगी ताकि उनकी जीत सुनिश्चित हो सके। तीसरी वरीयता नंबर पर जो उम्मीदवार रहेगा, उस पर खतरा रहेगा।

सुभाष चंद्रा का दावा, निर्दलीयों से संपर्क के बाद ही नामांकन किया
बीजेपी समर्थक निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा ने कल दावा किया कि निर्दलीय विधायकों से संपर्क करने के बाद ही नामांकन भरा है। सुभाष चंद्रा के इस दावे के पीछे कांग्रेस खेमे के नाराज विधायकों में सेंध लगाने से जोड़कर देखा जा रहा है।

गहलोत बोले- विधायक कह रहे हैं रोज टेलीफोन आ रहे हैं, बीजेपी वाले तंग कर रहे
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधायकों में सेंध के खतरे से इनकार नहीं किया है। गहलोत ने सेंध से बचाने के लिए बाड़ेबंदी के संकेत दिए। गहलोत ने कहा, बाड़ेबंदी तो आजकल सभी पार्टियां करती हैं। बाड़ेबंदी का मतलब होता है कि एमएलए खुद ही कहते हैं कि रोज-रोज टेलीफोन आते हैं हमारे पास में, हमें कई तरह से दबाया जाता है, लालच देने का प्रयास किया जाता है। हम खुद चाहते हैं कि साथ रहें, तो ये कम से कम जो बीजेपी वाले जो रोज तंग करते हैं, कम से कम उनसे छुटकारा मिल जाएगा। कांग्रेस हो, चाहे बीजेपी हो, अपने विधायकों को साथ रखती आई है।

Share This News :