ज्योतिरादित्य सिंधिया-केपी यादव के रिश्ते दो साल बाद भी सामान्य नहीं, 2019 की भूल के सिंधिया समर्थक मंत्री के बयान को केपी ने मूर्ख बताया
मध्य प्रदेश में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और गुना-शिवपुरी सांसद केपी यादव के बीच तीन साल से रिश्ते बनते-बिगड़ते रहे हैं और इस बार सिंधिया समर्थक मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया के कारण फिर रिश्तों में खटास पैदा हुई है। मंत्री ने सिंधिया की हार को मंच से 2019 में क्षेत्र की जनता की भूल का बयान दिया तो केपी यादव बिफर पड़े। उन्होंने मंत्री को मूर्ख तक कहा है।
सांसद केपी यादव ने महेंद्र सिंह सिसौदिया के बयान को लेकर यह भी कहा कि अब भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता को यह लगने लगा है 2020 में जरूर कोई भूल हुई थी। सिसौदिया को भाजपा की रीति-नीति का पता नहीं है। उन्हें यह नहीं पता कि भाजपा के महापुरुषों और प्रधानमंत्री की किनसे तुलना की जाए। यादव ने कहा कि वे मंत्री और वरिष्ठ मंत्री हैं लेकिन उनके ऐसे बयान पर यादव ने उन्हें मूर्ख बताया है।
यह है मामला
गौरतलब है कि मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया की एक सार्वजनिक मंच से तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना अकबर से कर दी थी। सिंधिया को मोदी का नौ रत्नों में सर्वश्रेष्ठ हीरा बताया था। इसी मंच से उन्होंने क्षेत्र की जनता की 2019 की भूल भी करार दिया था। यादव को 2019 की भूल का बयान नागवार गुजरा है और वे सिंधिया समर्थक मंत्री सिसौदिया को आड़े हाथों ले रहे हैं। वे उनकी शिकायत भाजपा के प्रदेश नेतृत्व से करने भोपाल भी आए। यादव और सिंधिया के बीच रिश्ते दो साल में अब तक सामान्य नहीं हो सके हैं जिनके चलते केपी यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को सिंधिया और उनके समर्थकों के रवैये पर आपत्ति जताते हुए पत्र तक लिख दिया था।