Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सिंधिया समर्थक एक और निगम अध्यक्ष का दर्द

कमलनाथ सरकार को गिराने में अहम भूमिका निभाने वाले बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल का दर्द बाहर आ रहा है। ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक पूर्व विधायक मु्न्नालाल गोयल बीज निगम के अध्यक्ष बनाए गए लेकिन निगम की बदहाल की वजह से वे बेहद दुखी हैं। पांच साल में एफडी सहित 132 करोड़ की अंशपूजीं जीरो हो जाने का दुखड़ा वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मुलाकात कर बता चुके हैं। 

सिंधिया समर्थक मुन्नालाल गोयल उपचुनाव में हार गए थे लेकिन भाजपा की सरकार बनवाने में महत्वपूर्ण योगदान देने की वजह से उन्हें बीज विकास निगम का अध्यक्ष बनाया गया था। कांग्रेस से भाजपा में आने वाले हारे हुए नेताओं को इसी तरह उपकृत किया गया था। मगर इन हारे हुए प्रत्याशियों में से इमरती देवी और मुन्नालाल गोयल अपने दुख को छिपा नहीं पाए हैं। इमरती देवी पिछले दिनों स्वागत द्वार के लिए जगह नहीं मिलने पर अपने दुखड़ा बयां कर चुकी थीं तो इस बार मुन्नालाल गोयल ने बीज निगम में हो रहे नियम विरुद्ध कामों को रोक नहीं पाने से दुखी होकर दर्द का इजहार किया है।

गोयल ने गिनाई गड़बड़ी
मुन्नालाल गोयल ने बीज विकास निगम में हो रही गड़बड़ियों को गिनाया है। उनका कहना है कि निगम के ऑडिट की जिम्मेदारी एक स्थानीय चार्टर्ड एकाउंटेंट को दे रखी है जो निगम के अधिनियम का उल्लंघन है। इस पर गोयल ने आपत्ति भी की थी लेकिन इसके बाद भी उसी सीए से ऑडिट कराया जा रहा है। 2015 से 2021-22 के दौरान निगम की 39 करोड़ की एफडी सहित 132 करोड़ रुपए की अंशपूंजी जीरो हो जाने का आरोप लगाया है। बीज निगम का करीब 38 करोड़ रुपए का कृषि विभाग पर बकाया है। निगम की तमाम खामियों को लेकर गोयल ने सीएम से मुलाकात भी की थी और स्टाफ की कमी भी बताई थी। 

Share This News :