Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस मैदान में

विधानसभा चुनाव 2023 में सत्ता वापसी करने के लिए कांग्रेस अब मैदान में उतरने जा रही है। गुरुवार को युवा कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ महंगाई, बेरोजगारी, आदिवासी अत्याचार और ओबीसी आरक्षण खत्म करने की साजिश रचने को लेकर युवा शंखनाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। भाजपा हटाओ देश बचाओ नारे के साथ कांग्रेस मध्य प्रदेश में इसके माध्यम से विधानसभा चुनाव 2023 का बिगुल बजाएगी। 

मध्य प्रदेश में कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ मैदानी लड़ाई शुरू करने जा रही है। इसमें कांग्रेस की एकजुटता का संदेश भी दिखाई दे सकता है क्योंकि युवा शंखनाद नाम के कार्यक्रम में सभी कांग्रेसजनों को शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह से लेकर पूर्व पीसीसी अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पीसीसी कोषाध्यक्ष अशोक सिंह तक अपील कर रहे हैं। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ यह पहला प्रदेश व्यापी आंदोलन है जिसे विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस की मैदानी तैयारी की पहली पायदान बताया जा रहा है। युवा शंखनाद में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी भाजपा सरकार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन में शामिल होंगे। 

ऐसे दिखा रहे एकता
युवा शंखनाद में कांग्रेस की एकता दिखाने के लिए प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की अपील के माध्यम से पार्टी में एकजुटता का प्रदर्शन हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, रामनिवास रावत, जीतू पटारी, सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा, कमलेश्वर पटेल जैसे नेता युवा शंखनाद में ट्विटर पर चलो भोपाल चलो के नारे के साथ अपील कर रहे हैं। 

Share This News :