मध्य प्रदेश कांग्रेस में एक और बड़ा बदलाव....
मध्य प्रदेश कांग्रेस में आज एक और बड़ा बदलाव हुआ है। महिला कांग्रेस के बाद अब भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी को हटाकर आशुतोष चौकसे को बनाया गया है। मंजुल त्रिपाठी को छह महीने पहले ही एनएसयूआई का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था।
मध्य प्रदेश के एनएसयूआई चीफ बनाए गए आशुतोष चौकसे अभी उपाध्यक्ष हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समर्थक बताए जाते हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आशुतोष चौकसे का नियुक्ति पत्र जारी किया है। चौकसे उपाध्यक्ष की हैसियत से भी काफी समय से सक्रिय थे और पिछले दिनों व्यापमं घोटाले को लेकर वे उग्र आंदोलन करते दिखाई दिए थे।
महिला कांग्रेस के बाद एनएसयूआई अध्यक्ष बदले
गौरतलब है कि पिछले महीने प्रदेश कांग्रेस में महिला कांग्रेस में बदलाव किया गया था। तब अर्चना जायसवाल को हटाकर विभा पटेल को यह जिम्मेदारी दी गई थी। अब मंजुल त्रिपाठी को हटाकर आशुतोष चौकसे को प्रदेश एनएसयूआई का अध्यक्ष बना दिया गया है। विभा पटेल और चौकसे दोनों ही दिग्विजय सिंह समर्थक बताए जाते हैं। इस बदलाव को मंजुल त्रिपाठी को सतना जिले की किसी विधानसभा सीट से उतारे जाने की तैयारी बताई जा रही है और वे सतना में काफी सक्रिय भी हैं.