कमलनाथ के घर जुटे कांग्रेसी दिग्गज
मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक आज पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के आवास पर हुई। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए रोडमैप तैयार किया। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस दौरान सीनियर लीडर्स को 2023 चुनाव के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। इस दौरान फैसला किया गया कि 2023 विधानसभा चुनाव के बाद अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी। इसके साथ ही किसान कर्ज माफी को भी बहाल किया जाएगा।
दो घंटे तक हुआ मंथन
बैठक के बाद पूर्व मंत्री तरुण भनोट और प्रियव्रत सिंह ने संवाददाताओं को संबोधित किया। भनोट ने कहाकि कमलनाथ की अध्यक्षता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने दो घंटे तक मंथन किया। इस दौरान 2023 विधानसभा चुनाव का रोडमैप तैयार किया। भनोट ने बताया बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति, किसान की आमदनी में लगातार हो रही कमी, प्रदेश में बिगड़ती बिजली की स्थिति, भाजपा सरकार में 30 लाख नए बेरोजगार पंजीकृत होना, प्रदेश में बढ़ता बिजली संकट और पेयजल संकट पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।
बिजली संकट पर भी चर्चा
पूर्व मंत्री भनोट ने कहाकि मध्यप्रदेश सरकार ने बिजली उत्पादन कंपनियों के साथ एमओयू साइन किया है। इसके तहत सरकार हर साल 4000 करोड़ रुपए इन कंपनियों को देती है। सरकारी खजाने से 4000 करोड रुपए का हर साल भुगतान करने के बावजूद यह कंपनियां मध्य प्रदेश को कोई बिजली नहीं दे रही है। पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में बिजली का संकट गहराता जा रहा है। गांव तहसील स्तर पर बिजली की बड़े पैमाने पर कटौती हो रही है और यहां तक की राजधानी भोपाल भी अघोषित कटौती से बचा नहीं है। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन पी प्रजापति, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कावरे सहित पूर्व मंत्री एवं वरष्ठि नेता शामिल हुए।