भाजपा नेता किरीट सोमैया शिवसेना कार्यकर्ताओं की पत्थरबाजी में घायल
महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा और लाउडस्पीकर पर राजनीति तकरार बढ़ती जा रही है। अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को खार पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। दोनों के खिलाफ अपने बयानों से धर्म, जाति के आधार पर विद्वेष फैलाने का आरोप है।
इधर, देर रात दोनों से मिलने खार पुलिस स्टेशन पहुंचे भाजपा नेता किरीट सोमैया की कार पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया। सोमैया खार पुलिस स्टेशन से निकल ही रहे थे, उसी दौरान उन पर हमला हुआ है। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने सोमैया की कार पर पत्थर के अलावा बोतल और चप्पलें भी फेंकीं। सोमैया मौके से किसी तरह जान बचाकर भागे। हमले में भाजपा नेता की कार का कांच टूट गया। शिवसैनिकों का हंगामा जारी है।
सोमैया बोले- पुलिस की निगरानी में हुआ हमला
किरीट सोमैया ने दावा किया है कि उन्हें चोट आई हैं और वह बांद्रा पुलिस स्टेशन केस दर्ज करवाने के लिए जा रहे हैं। किरीट ने कहा- 'सीएम उद्धव ठाकरे के गुंडा लोगो को पुलिस ने खार पुलिस स्टेशन पर इक्कट्ठा होने दिया। मैं बाहर निकला तब इन गुंडों ने पत्थरबाजी की है। कार के शीशे टूटे जो मेरे शरीर पर लगे। पुलिस की निगरानी में यह हमला हुआ है।'
किरीट ने आगे कहा- यह यह तीसरी बार है जब उद्धव ठाकरे के गुंडों ने मुझे मारने का प्रयास किया है। पहली वाशिम में दूसरी बार पुणे में और तीसरी बार खार पुलिस स्टेशन के सामने।