Home > अपना शहर ,
महिलाओं के समूहों को आत्मनिर्भर बनाने बैंकर्स की भूमिका महत्वपूर्ण – श्री रूपला

नाबार्ड द्वारा एसएचजी बैंक लिंकेज पर क्षेत्रीय समीक्षा कार्यशाला सम्पन्न

संभागीय आयुक्त श्री एस एन रूपला ने कहा है कि बैंकों को स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर जरूरतमंद महिलाओं के समूहों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकासखण्ड स्तर पर गठित महिला समूहों को बैंकर्स मदद करें, ताकि वे लघु उद्योगों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें। श्री रूपला ने यह बात नाबार्ड के ग्वालियर-चंबल-बुंदेलखण्ड के 10 जिलों में एसएचजी बैंक लिंकेज कार्यक्रम की प्रगति एवं उनको सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से ग्वालियर में गत दिवस आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

      कार्यक्रम में नाबार्ड मध्यप्रदेश क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक श्री के आर राव एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के उप महाप्रबंधक श्री एम के श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित थे।

      क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक श्री आर के राव ने कहा कि महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक विकास में स्वयंसेवी संस्थायें और बैंक लिंकेज कार्यक्रम का अहम योगदान है। उन्होंने बैंकर्स से महिला स्व सहायता समूहों को खुले दिल से सहयोग करने की अपील भी की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के उप महाप्रबंधक श्री एम के श्रीवास्तव ने बैंकों द्वारा पूर्ण सहयोग देने की बात कही। उन्होंने समूहों के बचत संयोजन के लिये जनवरी माह के प्रथम सप्ताह से एक विशेष अभियान चलाने की घोषणा भी की। कार्यशाला में नाबार्ड के सुश्री अमिता त्रिपाठी, श्री अवनेश तिवारी एवं श्री संजीव रमन ने बैंक लिंकेज कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी।

      कार्यशाला में रीजनल मैनेजर पीएनबी श्री दीपक कुमार, कैनरा बैंक श्री जे ए लुइस, सेंट्रल मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री जे एस कुशवाह, एसबीआई के मुख्य प्रबंधक श्री संजय रिछारिया, बैंक ऑफ इंडिया से श्री त्रिपाठी ने सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम में पाँच जिलों के एसआरएलएम के प्रतिनिधि, एनजीओ प्रतिनिधि, एसएचजी सदस्यों सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Share This News :