Home > अपना शहर ,
सुर सम्राट की जन्मस्थली मीठे-मीठे रसों की फुहारों से हुई सराबोर

“तानसेन समारोह-2016”

बेहट में झिलमिल नदी के किनारे सजी समारोह की आठवीं सभा

सुर सम्राट तानसेन की जन्मस्थली में सजी आठवीं संगीत सभा में संगीत मनीषियों के गायन-वादन से बेहट की फिजा मीठे-मीठे रसों की फुहारों से सराबोर हो गई। यह सभा बेहट में मंगलवार को भगवान भोले के मंदिर के नीचे और झिलमिल नदी किनारे घनी और मनोरम अमराई के बीच सजी। यह वही जगह थी जहाँ सुर सम्राट का बचपन संगीत साधना और बकरियाँ चराते हुए बीता था। लोक धारणा है कि तानसेन की तान से ही तानसेन की तान से ही निर्जन में बना भगवान शिव का मंदिर तिरछा हो गया था। यह भी किंवदंति है कि 10 वर्षीय बेजुबान बालक तन्ना उर्फ तनसुख भगवान भोले का वरदान पाकर संगीत सम्राट तानसेन बन गया।

      मन की आँखों से महसूस कर बहाए श्रृंगार के सुर

      श्री सुभाष देशपाण्डे के आँखें तो नहीं हैं, मगर मन की आँखों से महसूस कर उन्होंने प्रकृति के श्रृंगार को अपने वायोलिन वादन से उड़ेल दिया। मुरैना निवासी श्री देशपाण्डे मध्यप्रदेश के एक मात्र नेत्रहीन वायोलिन वादक हैं। उन्होंने वायोलिन वादन के लिये राग “मधुवंती” का चयन किया। इस राग में श्री देशपाण्डे ने विलंबित गत एक ताल, मध्य लय तीन ताल व द्रुत तीन ताल में गतें बजाईं। श्रृंगार रस से परिपूर्ण होने के कारण राग मधुवंती रसिकों पर अपना गहरा प्रभाव डालता है, देशपाण्डे जी द्वारा इस राग में किए गए वायोलिन वादन से भी रसिक मंत्रमुग्ध हो गए। राग मधुवंती, अपेक्षाकृत नया राग है। पूर्व में यह राग अम्बिका के नाम से जाना जाता था।  श्री देशपाण्डे ने राग “मिश्र किरवानी” में भी एक सुरीली धुन बजाई। इनके साथ तबले पर श्री भोगीराम रतौनिया ने संगत की।

सारंगी से झरे रसीले सुर

उभरते हुए युवा सारंगी वादक जनाब अब्दुल हमीद खाँ ने जब राग “मियां की तोड़ी” माधुर्ययुक्त शहनाई वादन किया तो सम्पूर्ण प्रांगण रसभीना हो गया। जनाब हमीद खाँ ग्वालियर घराने के महान सारंगी वादक उस्ताद बशीर खाँ साहब के सुपुत्र हैं। उन्होंने अपने सारंगी वादन में सिलसिलेवार आलापचारी, बढ़त और एक ताल में विलंबित गत से सुरीली धुन निकाली। इसके बाद अपनी दादी का सिखाया हुआ एक दादरा “नदिया नो हमारे कोउ संग चलो” की मीठी-मीठी धुन निकालकर अपने सारंगी वादन का समापन किया। तबले पर संगत जनाब शाहरूख खान व अब्दुल हमीद खाँ ने की। साथ ही जनाब सलमान खान ने सारंगी पर संगत की।

“पायो जी मैंने रामरतन धन पायो......”

      ग्वालियर-चंबल      अंचल की उभरती हुई गायिका सुश्री प्रियंका शर्मा ने अपनी सुरीली आवाज में “पायो जी मैंने रामरतन धन पायो” गाकर बेहट की फिजाओं को भक्तिमय बना दिया। उन्होंने राग “शुद्ध सारंग” एक ताल में निबद्ध बड़ा ख्याल “माँ री मैं का से कहूँ” से अपने गायन की शुरूआत की। इसी राग में छोटा ख्याल “अब मोरी बात” गाकर रसिकों की खूब वाहवाही लूटी। मुरैना निवासी सुश्री प्रियंका शर्मा शास्त्रीय संगीत के साथ-साथ सुगम संगीत में भी दक्ष हैं। उनके साथ तबले पर श्री संजय राठौर व हारमोनियम पर श्री अनिल दण्डौतिया ने संगत की।

ध्रुपद गायन से हुई सभा की शुरूआत

      बेहट में सजी आठवीं संगीत सभा की शुरूआत तानसेन संगीत स्मारक केन्द्र बेहट के ध्रुपद गायन से हुई। साधना केन्द्र के विद्यार्थियों ने राग भैरव में बंदिश “तुम हो गणपति देव” की प्रस्तुति दी। इस सभा में महारूद्र मण्डल संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों व आचार्यों ने भी राग भैरव चौताल में निबद्ध बंदिश “विष्णु चरनन जल” की प्रस्तुति दी। श्रीमती संयोगिता केलकर के निर्देशन में हुई इस प्रस्तुति में पखावज संगत श्री मुन्नालाल भट्ट ने की। इन दोनों ही प्रस्तुतियों को रसिकों की भरपूर सराहना मिली।

विधायक श्री कुशवाह ने किया सभा मंच की छत निर्माण के लिये भूमि पूजन

संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में जिस मंच पर संगीत सभा आयोजित होती हैं, उस पर छत का निर्माण कराया जायेगा। विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह ने मंगलवार को बेहट में आयोजित हुई संगीत सभा के दौरान इस कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने इस कार्य के लिये अपनी विधायक निधि से 5 लाख 55 हजार रूपए की राशि मंजूर की है।

      तानसेन समारोह की अंतिम संगीत सभा में अपर कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय, एसडीएम मुरार ग्रामीण श्री एच बी शर्मा, तहसीलदार श्रीमती शारदा पाठक व जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजीव मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। संगीत सभा का आनंद लेने बेहट सहित अन्य समीपवर्ती ग्राम पंचायतों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में रसिक पहुँचे थे। ग्वालियर से भी इस सभा का आनंद लेने बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी यहाँ आए थे।

      

Share This News :