Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
दिग्विजय पर FIR

खरगोन दंगे के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। उन्होंने मंगलवार को मस्जिद पर चढ़े एक शख्स का फोटो ट्वीट करके उसे खरगोन का बताया था। यह फोटो बिहार का था। गलती का अहसास होने पर दिग्विजय ने पोस्ट डिलीट कर दी थी। केस दर्ज होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की करीब तीन साल पुरानी पोस्ट निकालकर कहा कि इन पर भी FIR दर्ज होनी चाहिए।

दिग्विजय ने पुलिस कमिश्नर भोपाल और श्यामला हिल्स थाने को इस संबंध में पत्र भी भेजा है। उनका कहना है कि कानून की अलग-अलग व्याख्या नहीं हो सकती, अपराध सामान्य नागरिक करे या मुख्यमंत्री मुकदमा दर्ज होना चाहिए। इससे पहले मस्जिद पर चढ़े शख्स का फोटो शेयर करते हुए दिग्विजय ने लिखा था- 'क्या तलवार-लाठी लेकर धार्मिक स्थल पर झंडा लगाना उचित है? क्या खरगोन प्रशासन ने इसकी इजाजत दी थी।' प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनके खिलाफ एक्शन लेने की बात कही।

कई धाराओं में दर्ज हुआ केस
दिग्विजय पर IPC की धारा 153(A), 295(A), 465 और 505 (2) के तहत केस रजिस्टर्ड किया गया है। मंगलवार दोपहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भोपाल में क्राइम ब्रांच पहुंचकर दिग्विजय के खिलाफ शिकायत की थी। पुलिस ने उनके खिलाफ ये मामला राजधानी के MP नगर इलाके में रहने वाले प्रकाश माण्डे की शिकायत पर दर्ज किया। प्रकाश ने क्राइम ब्रांच को आवेदन देते हुए बताया कि दिग्विजय सिंह ने फेब्रिकेटेड फोटो ट्वीट कर धार्मिक उन्माद फैलाने की साजिश कर, प्रदेश में अस्थिरता लाने की कोशिश की। प्रकाश प्राइवेट जॉब करते हैं।

जमानती धाराओं में केस दर्ज
क्राइम ब्रांच ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर जिन धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। वह सभी जमानती धाराएं हैं। सात साल से कम सजा की धाराएं हैं। पुलिस के पास दिग्विजय के लिए दो रास्ते हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार भी कर सकती है, या नोटिस तामील कराकर उन्हें छोड़ सकती है। नोटिस तामीली के बाद उन्हें कोर्ट में जमानत लेनी होगी। इन धाराओं में पुलिस ने केस दर्ज किया है।

  • धारा 153(A): जो कोई किसी धर्म (जाति और समुदाय) या संप्रदाय अथवा किसी धार्मिक भावनाओं पर कोई ऐसा कार्य समूहों द्वारा किया जाता है, जिससे लोक शांति में बाधा उत्पन्न होती है, तो आईपीसी धारा 153A के अंतर्गत अपराधी होगा, जिसे 3 वर्ष कारावास या जुर्माना या फिर दोनों भी हो सकते हैं।
  • धारा295(A): जो कोई भारत के नागरिकों के किसी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के विमर्शित और विद्वेषपूर्ण आशय से उस वर्ग के धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान उच्चारित या लिखित शब्दों द्वारा या संकेतों द्वारा या दृश्यरूपणों द्वारा या अन्यथा करेगा या करने का प्रयत्न करेगा, यह दोनों में से किसी भांति के कारावास से, जिसकी अवधि तीन वर्ष तक की हो सकेगी, या जुर्माने से, या दोनों से, दंडित किया जाएगा।
  • धारा 465: जो कोई कूटरचना करेगा, तो उसे किसी एक अवधि के लिए कारावास जिसे दो वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है, या आर्थिक दंड, या दोनों से दंडित किया जाएगा।
  • धारा 505(2): विभिन्न समुदायों के बीच शत्रुता, घॄणा या वैमनस्य की भावनाएं पैदा करने के आशय से असत्य कथन, जनश्रुति, आदि, परिचालित करना। सजा - तीन वर्ष कारावास, या आर्थिक दंड, या दोनों। यह अपराध गैर-जमानती, संज्ञेय है तथा किसी भी न्यायधीश द्वारा विचारणीय है।

Share This News :