Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
शिवराज जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के लिए संकल्पित है;सिंधिया

ग्वालियर में एक दिन के प्रवास पर आए केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री के लिए उनके नाम पर लग रही अटकलों के बीच कहा है कि प्रदेश में शिवराज जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के लिए संकल्पित है। उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत की अखंडता की पूरे विश्व पटल पर प्रशंसा हो रही है।

केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एक दिवसीय प्रवास पर शनिवार को ग्वालियर पहुंचे हैं। ग्वालियर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शिवपुरी के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया सुबह 11 बजे ग्वालियर आए और सीधे जयविलास पैलेस पहुंचे। यहां से दोपहर 11.45 बजे रवाना होकर ग्राम रिछैरा में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर के निवास पर पहुंचे और उनके चाचा के निधन होने पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया इसके बाद शिवपुरी के लिए रवाना हो गए हैं। सिंधिया शिवपुरी में कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम 4.30 बजे ग्वालियर के झांसी रोड पर जौरासी हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद केन्द्रीय मंत्री सिंधिया शाम 5.15 बजे चेम्बर ऑफ कॉमर्स पहुंचेंगे। इसके बाद मुखर्जी भवन पहुंचकर बैठक में शामिल होंगे। सिंधिया शताब्दी एक्सप्रेस द्वारा ग्वालियर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

उमा भारती के सवाल को टाल गए
- ग्वालियर स्टेशन पर जब केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से उमा भारती के नोटबंदी पर दिए बयान पर टिप्पणी चाही गई तो उन्होंने सवाल को यह कहते हुए टाल दिया कि अभी इस बारे में उनको कोई सूचना नहीं है, इसलिए बोलना ठीक नहीं रहेगा। इसलिए अभी उस पर कुछ नहीं कहना चाहूंगा।
आवेश और अय्यर जैसे खिलाड़ी तैयार करने हैं
- केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी वेंकटेस अय्यर, आवेश खान नेशनल से लेकर इंटर नेशनल स्तर तक नाम कर रहे हैं। जल्द ही संभाग से भी इस तरह के खिलाड़ियों को तैयार कर एक मंच देना है। ग्वालियर-चंबल संभाग में काफी संभावनाएं हैं, लेकिन उनको तराशने की जरुरत है।

Share This News :