Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सिंधिया के बेटे पर मध्य प्रदेश में गरमाई सियासत

मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमान सिंधिया एक बार फिर चर्चा में हैं। उनके चर्चा में होने की वजह है ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष के तौर पर उनका चुनाव। एक तरफ जहां भाजपा के खेमे में महाआर्यमान की नियुक्ति पर बधाई दी जा रही है। वहीं इसको लेकर विपक्षी दल कांग्रेस की भौंहें टेढ़ी हो गई हैं। कांग्रेस ने इसे वंशवाद से जोड़ते हुए भाजपा से कड़े सवाल पूछे हैं। 

पीएम मोदी ने वंशवाद पर कही थी यह बात
गौरतलब है कि हाल ही में पांच राज्यों का चुनाव संपन्न होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा कार्यकारिणी में वंशवाद को लेकर एक बड़ी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि इस चुनाव में जिन नेताओं के बेटों का टिकट कटा उसके लिए मैं जिम्मेदार हूं। इस बात को अभी बहुत ज्यादा वक्त नहीं बीता है। इधर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया का सियासी कद बढ़ने लगा है। जीडीसीए के उपाध्यक्ष के पद पर उनकी तैनाती को महाआर्यमान की सियासत में एंट्री के तौर पर देखा जा रहा है। 

सत्ता-विपक्ष में खिंचे तीर
बता दें कि जीडीसीए में सिंधिया परिवार का लंबे समय तक वर्चस्व रहा है। पहले माधवराव सिंधिया और फिर ज्योतिरादित्य सिंधिया भी यहां पर पदाधिकारी रह चुके हैं। वहीं महाआर्यमान को मिले इस पद को लेकर सत्ता और विपक्ष के नेताओं में जुबानी तीर चलने लगे हैं। एक तरफ जहां कांग्रेस ने महाआर्यमान के पदाधिकारी बनाए जाने पर यह कहते हुए सवाल उठाया है कि क्या यह वंशवाद नहीं है। वहीं भाजपा के नेताओं ने जूनियर सिंधिया के इस पदार्पण का स्वागत किया है।

Share This News :