आर्यमन की 'सियासी लाॅन्चिंग
आखिरकार सिंधिया घराने की एक और पीढ़ी राजनीति में एंट्री की तैयारी में है। इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे आर्यमन सिंधिया को GDCA (ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन) में उपाध्यक्ष बनाया गया है। खास है कि आर्यमन का किसी भी संस्था, संगठन में पहला पद है। इसके साथ ही उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत हो गई है। संभवत: जल्द ही वह राजनीति में भी एंट्री कर सकते हैं।
27 मार्च को GDCA की वार्षिक आम सभा हुई थी। इसमें केंद्रीय मंत्री और GDCA अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया और वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच नई कार्यकारिणी को लेकर चर्चा हुई थी। अब नई कार्यकारिणी को दिल्ली से हरी झंडी मिल गई है।
रविवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। GDCA के कार्यकारी अध्यक्ष प्रशांत मेहता अब नए अध्यक्ष होंगे। नई कार्यकारिणी में आर्यमन सिंधिया को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। अभी तक वे एसोसिएशन के सदस्य थे। उनके साथ जीवाजी यूनिवर्सिटी में शारीरिक शिक्षा विभाग के डायरेक्टर रहे डॉ. राजेंद्र सिंह को भी उपाध्यक्ष बनाया है। इनके अलावा उपाध्यक्ष रहे संजय आहूजा को सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है। वीरेंद्र बापना को कोषाध्यक्ष पद पर यथावत रखा गया है।संयुक्त सचिव द्वय अजय तायल ,बीके शर्मा ,कार्यकारणी सदस्यों में पूर्व बिधायक रमेश अग्रवाल ,सुनील गड़कर ,डॉक्टर पुनीत रस्तोगी ,वरिष्ठ पत्रकार उमेश सिंह ,इन्दर सेजवानी ,जयेन्द्र अवाड,और निर्भय बाकलीबाल शामिल हैं .