कलश यात्रा में भी शामिल हुए मुख्यमंत्री, ग्रामीणों के साथ किया नृत्य
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत हर घर में नल से जल पहुँचाने की योजना का प्रभावी रूप से क्रियान्वयन कर एक नई इबारत लिखी जा रही है। बुरहानपुर जिला प्रदेश का ऐसा पहला जिला बन गया है, जहाँ जल जीवन मिशन से ग्रामीण आबादी के हर घर में नल से जल पहुँच गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिलेवासियों को हर घर नल से जल पहुँचने की शुभकामनाएँ भी दी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान बुरहानपुर जिले के खड़कोद गाँव में जल जीवन मिशन के तहत शत-प्रतिशत ग्रामीण आबादी को नल से जल युक्त घोषित किये जाने के अवसर पर आयोजित जल महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जो सौगात आज बुरहानपुर को मिली है, उसे सहेजने के लिए पानी की बचत करने के साथ जल संवर्धन भी जरूरी है। इससे योजना के जल-स्रोत जीवित बने रहेंगे तभी पेयजल की योजनाएँ निरन्तर चल पाएंगी। उन्होंने कहा कि एक लम्बे समय से कुओं और हैंडपंप के माध्यम से भू-जल का दोहन किया जाता रहा है। आज समय आ गया है कि हम सब को मिलकर भू-जल स्तर को बढ़ाने का काम करना है। जब जल-स्रोत बने रहेंगे, तब ही खेती और हमारी प्यास बुझ पाएगी। उन्होंने प्रदेशवासियों का आहवान किया कि वे जल संरक्षण और जल-संवर्धन के कार्य को जन-आंदोलन बनाकर पानी की हर बूंद को बचाये।बुरहानपुर जिले में आज इस बड़ी उपलब्धि पर उत्साह और उल्लास का अद्भुत माहौल था। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर मुख्यमंत्री श्री चौहान का हर्षो-उल्लास के वातावरण में परंपरागत रूप से स्वागत किया गया। हर घर में नल से जल पहुँचने पर ग्रामीणों ने परंपरागत नृत्य के साथ कलश यात्रा निकालकर खुशी का इजहार किया। महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा में मुख्यमंत्री श्री चौहान भी सिर पर पवित्र जल के कलश को लेकर शामिल हुए।