Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
मिशन मोड में हासिल करें स्व-रोजगार योजनाओं के लक्ष्य : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि स्व-रोजगार योजनाओं के लक्ष्य हासिल करने और प्रगति बढ़ाये जाने के लिए बैंकर्स मिशन मोड में कार्य करें। उन्होंने स्व-रोजगार के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान निवास पर राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की 181वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव वित्त श्री मनोज गोविल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री मनीष रस्तोगी, आयुक्त उद्योग एवं सचिव एमएसएमई श्री पी.नरहरि सहित बैंकों के अधिकारी उपस्थित थे। कार्यकारी निदेशक सेंट्रल बैंक श्री राजीव पुरी बैठक से वर्चुअल जुड़े।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को लाभान्वित करने के लिए अधिकाधिक प्रयास करें। गरीब एवं जरूरतमंद युवाओं को इसका लाभ मिले। प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि योजना में हितग्राही को दी गई राशि की किश्त नियमित भरवाये, जिससे अगली किश्त की राशि जारी की जा सके।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रता योजना से लोगों की जिंदगी में बदलाव आये। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में इस वर्ष 28 लाख 72 हजार हितग्राहियों को 16 हजार 302 करोड़ का ऋण वितरित हुआ। उन्होंने कहा कि ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया सरल बनायी जाये, जिससे लोगों को कोई परेशानी नहीं हो। विभिन्न स्व-रोजगार योजनाओं का लाभ देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये गये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के लक्ष्य पूरा करने में कोई कसर न छोड़े। मिशन मोड में लक्ष्य पूरा करें। उन्होंने बैंकों द्वारा कम लक्ष्य हासिल करने पर असंतोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को स्व-रोजगार से जोड़कर उनका सशक्तिकरण करना हमारा लक्ष्य है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी महिला सशक्तिकरण पर लगातार जोर दे रहे हैं।

Share This News :