गरीबों को रोटी, कपड़ा, मकान, पढ़ाई, दवाई और रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विकास और जन-कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। गरीबों के लिए रोटी, कपड़ा, मकान, पढ़ाई, दवाई और रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज छोला रोड चांदबाड़ी में आयोजित लोक कल्याण दिवस को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री श्री चौहान के चौथे कार्यकाल के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने पर किया गया था।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज के दिन 23 मार्च को मैंने दो साल पहले मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। दो साल कठिनाई से गुजरे। कोविड की लड़ाई में चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने सराहनीय कार्य किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में लगवाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि 12 से 18 वर्ष के जो बच्चे वैक्सीन नहीं लगा पाए हैं, वे वैक्सीन जरूर लगवा लें।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जन-कल्याण के कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। गरीबों को एक रूपये किलो गेहूँ, चावल दिया जा रहा है। गरीबों के राशन में गड़बड़ करने वालों पर एफआईआर होगी और जेल भेजा जाएगा। सभी गरीबों के पक्के मकान एवं आयुष्मान कार्ड बनवाए जा रहे हैं। सीएम राईज स्कूल पूरे प्रदेश में खोले जा रहे हैं। इसके लिए 24 करोड़ रूपये प्रति स्कूल के मान से राशि स्वीकृत की गई है। गरीब बच्चों की मेडिकल, इंजीनियरिंग की पढ़ाई की फीस राज्य शासन देगा। हिन्दी में भी मेडिकल, इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना काल के बिजली बिल राज्य सरकार भरवायेगी। इसके लिए 06 हजार करोड़ की राशि का प्रावधान किया गया है। दुराचारियों के लिए फाँसी की सजा का कानून बनाया गया है। गरीबों पर अत्याचार करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में 21 हजार हेक्टेयर जमीन गुंडों-बदमाशों से मुक्त कराई गई है। गरीबों को पट्टा देने का कार्य हम करेंगे।