Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सफाई मित्रों को मिलेगा 150 रूपए मासिक जोखिम भत्ता – मुख्यमंत्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शहरों, कस्बों और ग्रामों को स्वच्छ रखने वाले सफाई मित्र मेरे लिए पूज्यनीय हैं। सफाई मित्रों के पसीना बहाने के फलस्वरूप ही स्वच्छता बनी रहती है। यह सबसे बड़ा काम है। यदि सफाई मित्र यह काम न करें, तो शहर बीमार हो जाएंगे। इनका सेवा भाव प्रशंसनीय है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज अपनी जन्म वर्ष गाँठ पर स्थानीय मोतीलाल नेहरू विज्ञान महाविद्यालय खेल मैदान में सफाई मित्रों को भोजन परोसा, उनका सम्मान किया, सार्वजनिक कार्यक्रम में दो सफाई मित्रों श्री छोटेलाल और श्रीमती निर्मलाबाई के पैर धोकर (पाद प्रक्षालन कर) उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कन्याओं के पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में कचरा मुक्त शहर के लिए स्टार रेटिंग के आधार पर सफाई मित्रों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसके लिए चार पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही सफाई मित्र को प्रतिमाह 150 रूपए का जोखिम भत्ता भी दिया जाएगा। पुरस्कारों के लिए 25 करोड़ रूपए की राशि का प्रावधान होगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सभी सफाई मित्रों का मैं हृदय से सम्मान करता हूँ। आज का कार्यक्रम सिर्फ कर्मकाण्ड नहीं है। सफाई मित्रों ने अपनी मेहनत से प्रदेश के ग्रामों, नगरों और कस्बों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में पूरा सहयोग दिया है। इसलिए आज सफाई मित्रों को सेवा सम्मान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज अपनी जन्म वर्ष गाँठ पर पहले मैंने पौधा लगाया, फिर सफाई और श्रमदान का कार्य कर सफाई मित्रों के पैर धोने और उनके साथ भोजन करने के इस कार्यक्रम में शामिल हो रहा हूँ।

Share This News :