Home > अपना शहर ,
तानसेन समारोह-2016 संगीत की भावनात्मक मिठास में डूबे रसिक

प्रेम, विरह व श्रृंगार से परिपूर्ण संगीत की भावनात्मक मिठास दिलों को जोड़ती है। संगीत सरहदों में नहीं बंधता। संगीत का संदेश भी शास्वत है और वह है प्रेम। इस साल के तानसेन समारोह में भी भारतीय शास्त्रीय संगीत के मूर्धन्य साधकों और सात समुंदर पार से आए यूरोपियन संगीत कला साधकों ने अपने गायन-वादन से यही संदेश दिया। पूरब तौर पश्चिम की सांगीतिक प्रस्तुतियों का गुणीय रसिकों ने सोमवार की प्रात:कालीन सभा में जीभरकर आनंद उठाया।

पश्चिमी वाद्य से झरे आध्यात्मिक सुर

      इस सभा में स्विटजरलैण्ड से आए श्री मेथिस बोएग्नर ने विशिष्ट तरह के वायोलिन के तारों को छेड़कर रसिकों को आध्यात्मिक अहसास कराया। मूलत: जर्मनी के प्रसिद्ध शहर म्युनिख में जन्मे श्री बोएग्नर ने डी-माइनर मोड व डी-मेजर मोड में अपना वादन किया। जिस तरह भारतीय शास्त्रीय संगीत में रागों का महत्व है, कुछ इसी तरह यूरोपियन “मोड” जाने जाते हैं। श्री बोएग्नर ने पश्चिमी शास्त्रीय संगीत के सुप्रसिद्ध कंपोजर मिस्टर बाख की आध्यात्मिक रचना “शोकोन” का वादन किया। इसके बाद उन्होंने तीन अलग-अलग कंपोजर की रचनायें प्रस्तुत की। उनका वायोलिन वादन उच्चकोटि का रहा, इसे रसिकों की खूब वाहवाही मिली।

"बलमा मोरी नींद उचट गई...."

बुलंद और खनकदार आवाज में जब आरोह कंपूवाले ने राग "भटियार" एक ताल में विलंबित बड़ा ख्याल "बलमा मोरी नींद उचट गई" का गायन किया तो श्रोता रस विभोर हो गए। इसके बाद उन्होंने छोटा ख्याल विलंबित तीन ताल में “आयो प्रभात सब मिल गावो” गाया। इसी क्रम में अप्रचलित टप्‍पा तराना राग “खमाज” में प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने गायन का समापन “चलो मन बृंदावन की ओर” भजन सुनाकर किया। श्री आरोह कंपूवाले ग्वालियर सांगीतिक घराने के उभरते हुए युवा गायक हैं। उनके गायन में ग्वालियर घराने की विशिष्टताएं स्पष्ट झलक रहीं थीं। उनके साथ तबले पर श्री अनंत मसूरकर और हारमोनियम पर श्री विवेक जैन ने संगत की।

“सितार से बहीं सुर लहरियाँ”

जिस तरह नीलिमा लिए निर्मल पानी की ठहरी हुई शांत झील में कंकड़ फेकने से मनोहारी लहरें अठखेलियाँ करने लगतीं हैं उसी तरह जब श्रीमती शहाना बनर्जी ने सितार के तार छेड़े तो सुर लहरियाँ फूट पड़ीं, जाहिर है रसिकों को उसमें डूबना ही था। पुणे से पधारीं सुश्री बनर्जी, रामपुर सेनिया घराने की दक्ष सितार वादिका हैं।

सुश्री शाहना बनर्जी ने अपने सितार वादन के लिए संगीत सम्राट तानसेन के पुत्र विलास खां द्वारा ईज़ाद किये गए राग "विलासखानी तोड़ी चुना। जिसमें आलाप, जोड़-झाला के पश्चात विलंबित और द्रुत गत की दिल को छू लेने वाली प्रस्तुति दी। सितार से निकलती मधुर स्वर लहरियों ने सहज ही श्रोताओं को अपने साथ बांध लिया। à¤¸à¥à¤¶à¥à¤°à¥€ बनर्जी ने राग शुद्ध सारंग में द्रुत बंदिश की धुन निकालकर अपने गायन का समापन किया। तानसेन समारोह की आज की सभा में यह तीसरी प्रस्तुति थी। इनके साथ जनाब सलीम अल्लावाले तबले पर बेजोड़ संगत की। सुश्री बनर्जी ने चर्चा के दौरान बताया कि मुझे आज सुर सम्राट की समाधि पर स्वरांजलि अर्पित कर अत्यंत खुशी हो रही है। उन्होंने बताया कि मेरे पिताश्री भी तानसेन समारोह में सन् 1959 में सुर बहार की एकल प्रस्तुति और सन् 1969 में हमारे गुरू के साथ जुगलबंदी कर चुके हैं।

राग 'देशी' में ध्रुपद की मनोहारी प्रस्तुति

नई दिल्ली से आये ख्यात ध्रुपद गायक श्री राधा गोविन्द दास ने  à¤°à¤¾à¤— "देशी" में मनोहारी ध्रुपद गायन प्रस्तुत किया। क्रमवार नोम-तोम का आलाप करते हुए मधुर आवाज के धनी श्री राधा गोविन्द दास ने ताल चौताल में बंदिश प्रस्तुत की। जिसके बोल थे "श्री रामचन्द अवधपुर नगर के राजा"। गायकी के अंगों पर मजबूत पकड़ उनके गायन की खूबी रही। उन्होंने धमार “अब कहु कैसे पार उतरें” और राग “भीम पलाशी” सूल ताल में श्रोताओं की फरमाईश पर बंदिश “शंभु हर रे गंग धर रे” भी सुनाई। दरभंगा घराने के सुप्रिसिद्ध गायक पं विदुर मलिक से उन्होंने संगीत की शिक्षा ग्रहण की है। उन्होंने अपने गायन का सामपन तीव्र ताल में बंदिश “हे नंदलाल” से किया। उनके साथ पखावज पर श्री हरिश्चन्द्र पति और सारंगी पर श्री घनश्याम सीसोदिया ने संगत की।

राग "वृन्दावनी सारंग" में सारंगी वादन सुन झूमे रसिक

सोमवार की प्रात:कालीन सभा का समापन सुविख्यात सारंगी वादक उस्ताद मुराद अली के सारंगी वादन से हुआ। उनकी सारंगी से झरी मिठास से रसिक सराबोर हो गए। उन्होंने à¤°à¤¾à¤— “बृंदावनी सारंग” से सारंगी वादन शुरू किया। यह राग एक अत्यंत मधुर व लोकप्रिय राग है। उन्होंने इस राग में विलंबित गत एक ताल में द्रुत लय तीन ताल में प्रस्तुत की। इसके पश्चात आड़ा चौताल में भी एक बंदिश बताई। इसी क्रम में राग “मिश्र पीलू” में भी सुरीले सुर बहाए। इनके साथ तबले पर उस्ताद अकरम खां ने संगत की।

तानसेन समारोह की पाँचवी और सामेवार की प्रात:कालीन सभा का शुभारंभ भी पारंपरिक ढंग से स्थानीय साधना संगीत कला केन्द्र के छात्र-छात्राओं तथा आचार्यों के ध्रुपद गायन से हुआ। इनके द्वारा राग “अहीर भैरव” में बंदिश “रतन सिंहासन” की प्रस्तुति दी गई।

सुर सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में आज सजेगी संगीत सभा

इस साल के तानसेन समारोह के आखिरी दिन 20 दिसम्बर को सुर सम्राट तानसेन की जन्‍मस्थली बेहट में प्रात:कालीन सभा होगी। यह सभा झिलमिल नदी के किनारे घनी अमराई के बीच सजेगी। सभा का आगाज तानसेन संगीत स्मारक केन्द्र बेहट और महारूद्र मण्डल संगीत महाविद्यालय ग्वालियर के ध्रुपद गायन से होगा। इस सभा में जनाब अब्दुल हमीद खाँ ग्वालियर का सारंगी वादन, सुश्री प्रियंका शर्मा ग्वालियर का गायन और श्री सुभाष देशपाण्डे के वायोलिन वादन की प्रस्तुति होगी।

आज गूजरी महल में गूँजेंगी स्वर लहरियाँ

इस साल के तानसेन समारोह में नया आयाम जुड़ा है। समारोह की अंतिम सभा ग्वालियर किला स्थित गूजरी महल परिसर में 20 दिसम्बर को सायंकाल सजेगी। सभा की शुरूआत राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के ध्रुपद गायन से होगी। इस सभा में श्री मनोज कुमार भोपाल का ध्रुपद गायन और श्री बसंत काबरा जोधपुर का सरोद वादन होगा। इसी के साथ इस साल के तानसेन समारोह का समापन होगा।

      

Share This News :