Home > अपना शहर ,
तानसेन समारोह-2016 अनूठे वाद्यों से इजराइली संगीत का जादू

इजराइली बाशिंदे केवल शौर्य एवं साहस के लिए ही नहीं जाने जाते, वे "नाद व्रह्म" में भी कमतर नहीं। तानसेन समारोह में विश्व संगीत के तहत सजी रविवार की सांयकालीन सभा में इस बात को इज़राइल से आये श्री ज़ोहर इज़ाक फ्रेस्को ने साबित किया। प्राचीन फ्रेम टॉफ-मिरियम वादक के रूप में इज़राइल में विख्यात ज़ोहर इज़ाक ने भारतीय शास्त्रीय के आधार पर कुछ धुनें ईज़ाद की हैं। उन्होंने बहुत कुछ ढपली की तर्ज पर एक वाद्य यंत्र तैयार किया है, जिसका वादन सुनते ही बना। इजराइली कलाकारों ने तोफ मरियम के अलावा खरंज और झाड़ू के माध्यम से भी सुर बिखेरे।

राग भूप में अलापचारी से वातावरण में छाई स्निग्धता

रविवार की सायंकालीन सभा के द्वितीय कलाकार के रूप में युवा गायक श्री कमलेश तिवारी का ध्रुपद गायन हुआ। उन्होंने अपने गायन के लिए राग "भूप" चुना। उन्होंने नोमतोम के आलाप से राग विस्तार करते हुए आलाप जोड़-झाला के माध्यम से गायन को आगे बढ़ाया। कमलेश तिवारी ने चार ताल में बंदिश "तू ही सूर तू ही चंद्र" का गायन कर समा बांध दिया। राग “भूप” पूर्वांग प्रधान एवं कल्याण थाट का राग है।  à¤‡à¤¸ मधुर राग के गायन से चंद्र प्रकाश के समान शांत स्निग्ध वातावरण पैदा हुआ। उनके साथ पखावज पर श्री रोमन दास ने संगत की।

"मोहे मनावन आए हो...."

राग "बागेश्वरी" में जब सुश्री शोभा चौधरी ने विलंबित एक ताल में पारंपरिक बंदिश "मोहे मनावन आए हो" का गायन किया तो सुरों के सोते फूट पड़े। राग बागेश्री रात्रि के रागों में भाव तथा रस का स्त्रोत बहाने वाला मधुर राग है।  à¤—्वालियर एवं आगरा सांगीतिक घराने की गायिकी में निपुण इंदौर की सुश्री शोभा चौधरी देश के विभिन्न संगीत समारोहों में सफल प्रस्तुतियां दे चुकी हैं। उनके साथ तबले पर श्री अनिल मोघे और हारमोनियम पर सुश्री परोमिता मुखर्जी की संगत ने रसिकों पर अमिट छाप छोड़ी।

तबले पर दो पीढ़ियों की जुगलबंदी

      रविवार की सायंकालीन सभा में तबले पर दो पीढ़ियों की जुगलबंदी आकर्षण का केन्द्र रही। ग्वालियर निवासी देश के सुप्रतिष्ठित तबला वादक पं. किरण देशपाण्डे व उनके सुयोग्य सुपुत्र श्री सुप्रीत देशपाण्डे की तबले पर हुई जुगलबंदी सुनते ही बन रही थी। पिता पुत्र ने अपनी जुगलबंदी में तीन ताल में पारंपरिक पेशकार, कायदा, टुकड़े और मुखड़े का वादन किया। साथ ही अनेक घरानों की बंदिशें बजाईं। उनके वादन में चक्रदार रेला भी प्रभावी रहा। उनके साथ सारंगी पर फारूख लतीफ खाँ ने संगत की।

      इस सभा का आगाज स्थानीय तानसेन संगीत महाविद्यालय के शिक्षक व छात्र-छात्राओं ने राग “यमन” में निबद्ध बंदिश “जय शारदा भवानी” की प्रस्तुति से हुआ।

    

Share This News :