Home > अपना शहर ,
“दोनी” है करोड़पति पंचायत सरपंच की लगन से मिली ग्राम पंचायत को अलग पहचान

भितरवार विकासखण्ड की ग्राम पंचायत दोनी जिले की उन चुनिंदा पंचायतों में से एक है जिसमें सरपंच की लगन और गाँव वासियों के सहयोग से एक करोड़ से अधिक रूपए के निर्माण कार्य पूर्ण हो सके हैं। साथ ही जिले में सर्वप्रथम खुले में शौचमुक्त होने का खिताब भी प्राप्त कर सकी है।

      विकासखण्ड मुख्यालय से लगभग 10-12 किलोमीटर दूर स्थित दोनी ग्राम पंचायत का गठन तीन गाँवों दोनी, दोनी मठ और बेरखेड़ा से मिलकर हुआ है। लगभग ढ़ाई हजार की आबादी वाले इस ग्राम पंचायत के सरपंच श्री जहान सिंह द्वारा गाँव को जिले का सबसे अच्छा स्वच्छ और सुंदर गाँव बनाने की चाहत में जिले में अलग पहचान दी है।

ग्वालियर जिले की यह पहली ग्राम पंचायत है जो सर्वप्रथम ओ.डी.एफ. (खुले में शौच मुक्त) घोषित की गईं और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गत वर्ष फूलबाग मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में सरपंच को सम्मानित भी किया गया। श्री जहान सिंह द्वारा अपने गाँव को स्वच्छ बनाने के लिये ग्राम वासियों से प्रतिदिन सुबह से लेकर शाम तक घर-घर जाकर जनसंपर्क किया और उन्हें स्वच्छता और स्वच्छता से होने वाले लाभों के प्रति जागरूक बनाने का काम किया। इसी का परिणाम था कि गाँव की महिलायें, पुरूष, बच्चे सभी इस अभियान से जुड़े। विशेषकर गाँव की बच्चियों ने अपने घरों में शौचालय निर्माण के लिये परिजनों को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाई। आज ग्राम पंचायत के सभी 505 घरों में शौचालय बनाए जा चुके हैं।

श्री जहान सिंह द्वारा गाँव में लगभग तीन हजार मीटर खरंजा और सीसी रोड़ का निर्माण, 1600 मीटर नाली का निर्माण कराया जा चुका है। सरपंच जहान सिंह की लगन और कुछ करने की इच्छा शक्ति के कारण जिला प्रशासन में कलेक्टर, जिला और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों सहित प्रशासनिक अमले द्वारा भी पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया है।

Share This News :