Home > अपना शहर ,
“कैसलेस व्यवस्था” महाविद्यालयीन छात्रों की मदद से जिला प्रशासन चलायेगा जन जागरण अभियान

कैसलेस व्यवस्था से आमजन को जोड़ने के लिये जिला  प्रशासन द्वारा जन जागरण अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान में महाविद्यालयीन छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। यह बात प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में कही। साथ ही उन्होंने इस अभियान से सभी अधिकारी-कर्मचारियों को जुड़ने और अपने व्यक्तिगत लेनदेन में डेबिट-क्रेडिट कार्ड का उपयोग करने की सलाह भी दी।

      श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि जिले में कैसलेस व्यवस्था को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने हेतु विभिन्न संस्थाओं, कार्यालयों, प्रतिष्ठानों आदि में अत्याधिक डिजिटल माध्यम से भुगतान किया जा सके। सामान्य जनता को इस प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जन जागरण अभियान चलाया जायेगा। प्रत्येक महाविद्यालय से दो-दो छात्र-छात्राओं को इस अभियान से जोड़ा जायेगा। चयनित विद्यार्थी इस अभियान में अधिक से अधिक प्रचार कर 10 – 10 लोगों को जोड़ने हेतु प्रेरित करेंगे। उन्होंने सभी महाविद्यालयों को एक पत्र लिखकर 22 दिसम्बर तक अपने-अपने महाविद्यालय के दो-दो छात्र-छात्राओं का नाम दूरभाष क्रमांक 0751-2331817 अथवा ईमेल mpgwa@nic.in कर एनआईसी ग्वालियर को अवगत कराने को कहा है। प्राप्त नामों को जिला प्रशासन द्वारा 24 दिसम्बर को प्रशिक्षित किया जायेगा।

      प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी पेट्रोल पम्पों, मेडीकल स्टोरों, खाद-बीज की दुकानों, शराब दुकानों, अस्पतालों आदि पर भी स्वैप मशीन के माध्यम से ही भुगतान की प्रक्रिया अपनाई जाए। जहाँ पर स्वैप मशीन नहीं लगी है वहाँ शीघ्र ही स्वैप मशीन लगवाने की कार्रवाई भी की जाए। इसके साथ ही कैसलेस व्यवस्था को जन-जन तक पहुँचाने में प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ आमजनों को भी इससे जोड़ा जाए, इसके प्रयास हों।

      बैठक में प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के निर्देशानुसार सभी शासन द्वारा संधारित मंदिरों में दान पात्र में बंद किए गए 500 और 1000 के नोट स्वीकार न किए जाएँ। इसकी निगरानी रखी जाए। जिन मंदिरों पर 500 या 1000 के नोट चढ़ावे के रूप में प्राप्त होते हैं तो उसकी सूचना आयकर विभाग को अनिवार्यत: दी जावे। बैठक में कैसलेस व्यवस्था को जन-जन तक पहुँचाने हेतु जिला स्तर पर एक दल गठित कर इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

      बैठक में मुख्यमंत्री हैल्पलाईन, लोक सेवा गारंटी तथा जन-सुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए गए। सीएम हैल्पलाईन में लेबल-4 पर शिकायत पहुँचने पर उसके निराकरण के संबंध में की गई कार्रवाई वाट्सएप ग्रुप पर डालने के निर्देश भी विभागीय अधिकारियों को दिए गए। प्रभारी कलेक्टर श्री वर्मा ने लोक सेवा गारंटी के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। समय-सीमा के पश्चात संबंधित अधिकारी पर दण्ड का प्रावधान है, अधिकारी इससे बचें।

Share This News :