Home > अपना शहर ,
उस्ताद अमजद अली खाँ के सरोद वादन ने कराया मखमली अहसास

देर रात तक सुरों के माधुर्य में डूबे रहे रसिक

सुर सम्राट तानसेन की वारगाह (पूजा स्थल) पर शनिवार की रात सरोद के सरताज पदम् विभूषण उस्ताद अमजद अली खां के सरोद से स्वर लहरियाँ गूंजीं।  गुलाबी सर्दी में सरोद के तारों से झरे स्वर मखमली अहसास करा गए। उस्ताद अमजद अली खाँ ने झूम के ऐसा सरोद बजाया कि रसिक सुध-बुध खो बैठे। मौका था तानसेन समारोह के तहत सजी शनिवार की सायंकालीन सभा का। उस्ताद जी ने खुद के द्वारा बनाये गए राग "गणेश कल्याण" से अपने वादन की शुरुआत तो गणेश वंदना की मीठी मीठी धुन झर उठीं। कहरवा के भजनी ठेके में निबद्ध धुन ने रसिकों के कानों में मिसुरी घोल दी।

विश्व विख्यात सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खाँ को सुनने रसिकों का ऐसा रेला उमड़ा कि तानसेन समारोह का विशाल पण्डाल छोटा पड़ गया। शनिवार की संगीत सभा में सबसे अंत में उस्ताद अमजद अली खाँ की प्रस्तुति हुई। भारी संख्या में मौजूद संगीत रसिक मध्यरात्रि तक सरोद के माधुर्य में डूबे रहे।

उस्ताद अमजद अली खाँ ने राग “मियां की मल्हार”, “काफी”, “दरबारी कान्हड़ा” और “चारूकेसी” में गतें व बंदिशें बजाईं। इन रागों में उस्ताद के सरोद से बह रहे सुर निसंदेह माधुर्य व रंजकता के लिहाज से अत्यंत मनोहारी थे। सुर सम्राट तानसेन द्वारा अन्वेषित राग मियां की मल्हार व राग दरबारी में निहित सौंदर्यपूर्ण आलापचारी, सिलसिलेदार बढ़त तथा बेहतरीन तानों की अदायगी उस्ताद अमजद अली खाँ ने अपने वादन में पैदा की। उन्होंने मियां मल्हार एक ताल फिर काफी दीपचंदी में प्रस्तुति दी। इसके पश्चात राग दरबारी कान्हड़ा प्रस्तुत किया। जिसमें विलंबित गत तीन ताल में निबद्ध थी। मध्यलय एक ताल व द्रुत लय तीन ताल में प्रस्तुत की गई। उस्ताद ने अपने वादन का समापन गुरूवर रविन्द्रनाथ टैगोर द्वारा रचित बंगाल के प्रसिद्ध लोकगीत “एकला चलो रे....” की धुन निकालकर की।

तबले पर देश के जाने माने दो तबला नवाज श्री रामेन्द्र सिंह सोलंकी और बनारस के श्री विनीत व्यास ने संगत की। इन दोनों के बीच हुई जुगलबंदी ने भी संगीत रसिकों को खासा प्रभावित किया।

 

 “सुर सम्राट की दहलीज पर बिखरे विश्व संगीत के सुर”

सात समंदर पार यूरोपीय राष्ट्र बेल्जियम से आये नाद व्रह्म के मनीषियों ने अपने देश के विशिष्ट मगर भारत से मिलते-जुलते वाद्य यंत्रों से अलग ही अंदाज में शास्त्रीय संगीत के सुर बिखेरे। वायोलिन और चेलो से युक्त वाद्य वृन्द ने पाश्चात्य संगीत से संबंधित विभिन्न धुनें निकालीं। सहस्त्रबाहु मंदिर की थीम पर बने भव्य एवं आकर्षक मंच से हुई इस प्रस्तुति को सुनकर रसिक मंत्रमुग्ध हो गए। तानसेन समारोह की तीसरी सभा में यह प्रस्तुति बेल्जियम के "एमपी-4 क्वाटेंट" समूह द्वारा दी गई। à¤µà¤°à¥à¤·-2008 में बने इस समूह ने अनुभव के आधार पर सांगीतिक अभिव्यक्ति की नई पहचान दी है। समूह में डेजेल, पावेल हास, प्राजक और कोनोस शामिल हैं। विविध कलात्मक प्रदर्शन के लिए इस समूह की पहचान है। थियेटर, नृत्य, पर्व-त्यौहार आदि में  à¤‡à¤¸ समूह ने गहरी छाप छोड़ी है। शनिवार की सायंकालीन सभा के आरंभ में विश्व संगीत के तहत इस समूह की  प्रस्तुति हुई।

“बाँसुरी और वायोलिन के सम्मोहन में बंधे रसिक”

बाँसुरी की सम्मोहनी टेर और वायोलिन की करुण पुकार। फिर दोनों  à¤¸à¥‡ साझा सुर झर रहे हों तो रसिकों को तो इनके मोहपाश में बंधना ही था। यहाँ बात हो रही है तानसेन समारोह में आज सांयकाल सजी सांध्यकालीन सभा की। इस सभा में पंडित भास्कर बुवा घराने के प्रतिष्ठित वायोलिन वादक श्री अतुल उपाध्याय और प्रख्यात बाँसुरी वादक पंडित हरिप्रसाद चौरसिया के वरिष्ठ शिष्य एवं प्रतिभावान बाँसुरी वादक श्री संतोष संत की जुगलबंदी की। जुगलबंदी की शुरुआत राग "जोग" से हुई। इसमें आलाप जोड़ के पश्चात चौताल, झपताल और तीनताल में रचनायें प्रस्तुत की गईं। इन्होंने एक मीठी पहाड़ी धुन बजाकर अपने वादन का समापन किया। इनके साथ पखावज पर सुप्रतिष्ठित पखावज वादक श्रीअखिलेश गुंदेचा और तबले पर श्री हितेन्द्र दीक्षित ने संगत की।

“आदि महादेव बीन बजाई”

शनिवार की सायंकालीन सभा के तीसरे कलाकार उस्ताद जिया फरीदुद्दीन डागर के सुयोग्य शिष्य युवा ध्रुपद गायक श्री विशाल जैन थे। इलाहाबाद से पधारे युवा ध्रुपद गायक श्री जैन ने "राग बागेश्वरी"में ध्रुपद  à¤—ायन की शुरुआत की। उन्होंने नोम-तोम की  सुंदर अलापचारी से गायन शुरू कर जोड़ झाला में भी अपना कमाल दिखाया। श्री जैन ने ताल-चौताल में एक बंदिश “आदि महादेव बीन बजाई” प्रस्तुत किया। विभिन्न लयकारी युक्त वादन से रसिक अभिभूत हो गए। उन्होंने इससे पहले एक बंदिश “दोनों करतार” प्रस्तुति भी दी। गायन का समापन राग “सोहनी” में एक रचना “आवन कह गए”  सुनाकर किया। उनके साथ पखावज पर श्री अंकित और तानपूरे पर कु रूपाली जैन ने संगत की।

    

Share This News :