Home > अपना शहर ,
सुरों की अठखेलियों से झूमे रसिक रविवार की प्रात:कालीन सभा में एक से बढ़कर एक प्रस्तुति

 à¤¤à¤¾à¤¨à¤¸à¥‡à¤¨ समारोह-2016

माँ सरस्वती सहित अन्य देवताओं व गंधर्वों के प्रिय और दुर्लभ वाद्य यंत्र रूद्रवीणा की झंकार तो झील में उठतीं लहरों सी अठखेलियाँ करती मीठी-मीठी धुनें और बुलंद व मधुर आवाज में घरानेदार गायिकी। साथ ही भारतीय राग-रागनियों के साथ समागम करतीं यूरोप के खूबसूरत देश नार्वे की लोक धुनें। यहाँ बात हो रही है तानसेन समारोह के तहत रविवार को सजी प्रात:कालीन सभा की। नाद ब्रम्ह के साधकों ने इस सभा में अपने गायन-वादन से रसिकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

"तज रे अभिमान......"

सुर सम्राट तानसेन के सुपुत्र विलास खां द्वारा बनाये गए राग "विलासखानी तोड़ी" में पं सुहास व्यास ने जब अपनी झील सी थरथराती आवाज में छोटा ख्याल "तज रे अभिमान" का तीन ताल में गायन किया तो ग्वालियर घराने की गायकी से वातावरण गुंजायमान हो उठा। उन्होंने इसी राग में एक ताल में निबद्ध बड़ा ख्याल “अब मो पे छाय रहे” से अपने गायन की शुरूआत की। पुणे से पधारे पं सुहास जी तानसेन सम्मान से विभूषित पद्मभूषण पंडित सी आर व्यास के सुयोग्य सुपुत्र हैं। तानसेन समारोह के अंतर्गत रविवार को सजी प्रात:कालीन सभा में तीसरी प्रस्तुति के रूप में पं. सुहास व्यास का गायन हुआ। उन्होंने अपने गायन को आगे बढ़ाते हुए “खट राग” में बंदिश “बंधा समा सुर राग लय ताल” का गायन किया। यह बंदिश उनके पिताश्री द्वारा रचित थी। पं. सुहास व्यास ने अंत में प्रसिद्ध भजन “एक सूर चराचर छायो” गाकर रसिकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तबले पर श्री हितेन्द्र दीक्षित और हारमोनियम पर डॉ विवेक बंसोड़ की बेजोड़ संगत ने पं. सुहास व्यास के गायन को ऊँचाईयाँ प्रदान की।

“रसिया म्हारा.....”

नई दिल्ली के श्री मधुप मुदगल ने अपने गायन के लिए राग "अहीर भैरव" चुना। मधुर एवं बुलंद आवाज के धनी श्री मुदगल ने सुश्राव्य गायन किया। उन्होंने  राग अहीर भैरव में तीन ताल में विलंबित बड़ा ख्याल प्रस्तुत किया। राजस्थानी लोक संगीत पर आधारित इस बंदिश के बोल थे “रसिया म्हारा”। इसी राग में श्री मुदगल ने छोटा ख्याल “बेग-बेग आओ मंदिरवा” सुनाया। इसके पश्चात राग “अल्हैया बिलावल” में एक बंदिश व तिरवट गाई। इनके साथ तबले पर श्री दीपक गरुण और हारमोनियम पर डॉ. विवेक बंसोड़ ने संगत की।

“रूद्रवीणा से  à¤°à¤¾à¤— ललित पंचम में झरे मीठे मीठे सुर”

वैदिक कालीन दुर्लभ वाद्य रुद्रवीणा से झर रहे मीठे मीठे सुरों से तानसेन समारोह का विशाल पंडाल सराबोर हो गया। मुंबई से पधारे श्री सुवीर मिश्र ने राग "ललित पंचम" से रुद्रवीणा वादन की शुरुआत की है। आलाप गमक का सुंदर प्रयोग आपके वादन में स्पष्ट झलक रहा था। प्रख्यात ध्रुपद गायक उस्ताद जिया फरीदुद्दीन डागर के शिष्य श्री सुवीर मिश्र ने अलाप जोड़ झाला से वादन शुरू किया। उनके साथ पखावज पर श्री संजय पन्त आगले ने संगत की। रविवार की प्रातःकालीन सभा में सुवीर जी की दूसरे कलाकार के रूप में प्रस्तुति हुई।

नार्वे की लोक धुनों में डूबे संगीत रसिक

सुंदर-सुंदर झीलों, पहाड़ों और हरियाली से परिपूर्ण यूरोपीय देश नार्वे से आईं सुश्री एनी हॉयत ने वायोलिन से मिलते-जुलते वाद्य यंत्र “हार्डेन्जर फिड्ल” से अपने देश की लोक धुनें बजाकर समा बांध दिया। विश्ववंगीत के तहत रविवार को सजी प्रात:कालीन सभा में अंतिम कलाकार के रूप में उनकी प्रस्तुति हुई। भारतीय शास्‍त्रीय संगीत की भाँति नार्वे के संगीत में राग तो नहीं होते मगर धुन के लिये हार्डेन्जर को अलग-अलग सुरों में मिलाते हैं, जिससे भाँति-भँति के रागों की तरह वे स्वत: ही राग सदृश्य प्रतीत होते हैं। एनी हॉयत ने नार्वेजियन भाषा में एक लोकधुन “द्रायुसीन” प्रस्तुत की। द्रायु का अर्थ सपना होता है। दरअसल नार्वे में अधिकांश समय अंधेरा रहता है। जाहिर है हॉयत का वादन सपनों को बयां कर रहा था।  

आज की प्रातःकालीन सभा का आगाज़ भी पारंपरिक ढंग से ध्रुपद गायन से हुआ। स्थानीय ध्रुपद केन्द्र के श्री अभिजीत सुखडाडे एवं अन्य आचार्यों के निर्देशन में राग अहीर भैरव में गायन किया गया। आलाप मध्य लय ताल में बंदिश प्रस्तुत की गई। इसके बाद एक बंदिश धमार ताल में जिसके बोल थे “चलो सखी ब्रजराज”। इसी क्रम में तीन ताल में “बाजे डमरू हर का” का गायन किया। पखावज पर श्री संजय पंत आगले ने संगत की।

तानसेन समारोह में आज

षष्टम सभा (प्रात:) 19 दिसम्बर

साधना संगीत कला केन्द्र ग्वालियर के ध्रुपद गायन से सभा की शुरूआत होगी। इस सभा में विश्व संगीत के तहत मेथिस बोएग्नर स्विटजरलैण्ड की प्रस्तुति होगी। इसके बाद स्थानीय कलाकार श्री आरोह कम्पूवाले का गायन होगा। इसी कड़ी में सुश्री शहाना बैनर्जी पुणे का सितार वादन, श्री राधा गोविन्ददास नई दिल्ली का ध्रुपद गायन होगा और सभा का समापन जनाब मुराद अली नई दिल्ली के सारंगी वादन से होगा।

सप्तम सभा (सायंकाल) 19 दिसम्बर

ध्रुपद केन्द्र भोपाल के ध्रुपद गायन से सभा की शुरूआत होगी। इसके बाद विश्व संगीत के तहत श्री ओसामा अब्दुल रसूल इराक की प्रस्तुति होगी। सुविख्यात पुणे के डागर बंधुओं का ध्रुपद गायन व सुश्री सोमा घोष मुम्बई का गायन होगा। सभा का समापन श्री तरूण भट्टाचार्य कोलकता एवं श्री प्रवीण गोरखिण्डी बैंगलोर के संतूर-बांसुरी जुगलबंदी से होगा।

 

Share This News :