Home > राज्यो से ,
मोदी के साथ डील करना बंद करें राहुल, सबूत है तो पेश करें: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस उपाध्यक्ष पर डील करने करने का आरोप लगाया है। अरविंद केजरीवाल ने राहुल गांधी से कहा कि पीएम मोदी के साथ डील करना बंद करें, नहीं तो देश उन्हें बिल्कुल माफ नहीं करेगा। उन्होंने राहुल से पीएम मोदी के भ्रष्टाचार से जुड़े सबूतों को सार्वजनिक करने को भी कहा है।

इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट के जरिए राहुल गांधी से पूछा था कि राहुल जी, आप मोदी जी के 'निजी भ्रष्टाचार' को कब बेनकाब करने जा रहे हैं? केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजनीतिक दलों को नोटबंदी के नियमों में मिली छूट पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने सवाल पूछा है कि नोटबंदी के दौरान रकम जमा करने पर सियासी पार्टियों को छूट क्यों दी जा रही है?

उन्होंने कहा कि आश्चर्य ये हो रहा है कि कल राहुल गांधी पीएम मोदी से मिले थे और उसके बाद ये घोषण हुई है कि राजनीतिक पार्टी के स्रोत के बारे में नहीं पूछा जाएगा।  तो दोनों के बीच क्या ये डील हुई है ? राहुल नरेंद्र मोदी के भ्रष्टाचार के बारे में बता नहीं रहे हैं केवल कह रहे हैं कि मैंने अपना मुंह खोल दिया तो भूचाल आ जाएगा। मेरे पास नरेंद्र मोदी के भ्रष्टाचार के सबूत हैं और फिर जाकर नरेंद्र मोदी से मिलते हैं और डील कर लेते हैं। मैं राहुल गांधी से कहूंगा कि जो भी उनके पास सबूत हैं वो सार्वजनिक करें और मोदी के साथ डील करना बंद करें, नहीं तो देश उनको बिल्कुल माफ नहीं करेगा।

केजरीवाल ने कहा है कि हम मांग करते हैं कि एक स्वतंत्र कमीशन बनाया जाए जो सारी राजनीतिक पार्टी के पिछले पांच साल के बहीखातों की जांच करें, जितने उनके फंड के स्रोत हैं उन सबकी जांच करे।  और अभी तक जो  20 हजार रुपये की सीमा रखी गई है कि जो 20 हजार से कम चंदा देगा उसे स्रोत बताने की जरूरत नहीं उसे खत्म होना चाहिए।  साथ ही उन्होंने नोटबंदी के बाद राजनीतिक पार्टियों को मिले चंदे की लिस्ट को सार्वजनिक किए जाने की मांग भी की।

आपको बता दें कि सरकार ने राजनीतिक दलों के खाते में 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोटों में जमा राशि पर टैक्स नहीं लगाने का फैसला किया है। हालांकि राजनीतिक दलों को रकम जमा कराने के मामले में इस शर्त को पूरा करना होगा कि नकद में लिया गया निजी चंदा 20 हजार  रुपए से ज्यादा का नहीं चाहिए और चंदे के पूरे दस्तावेज होने चाहिये जिसमें दानदाता की पूरी पहचान हो।

Share This News :