Home > अपना शहर ,
मान जाओ-मान जाओ, मम्मी कचरा रोड पर मत फैलाओ..... आंटी जी मान जाओ.......

स्वच्छता जागरुकता अभियान 

मान जाओ-मान जाओ, मम्मी कचरा रोड पर मत फैलाओ.... मान जाओ आंटी जी कचरा रोड पर मत फैलाओ, अपने ग्वालियर को स्वच्छता में नम्बर वन बनाओ। यह नारा और आग्रह आज उषा काॅन्वेंट स्कूल के छोटे-छोटे बच्चे नाका चंद्रवदनी की सडकों पर लगाते हुए रैली निकाल रहे थे। बच्चों द्वारा सभी नागरिकों एवं महिलाओं को स्वच्छता का संदेश दिया गया। वहीं स्कूल में स्वच्छता गोष्ठी एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती करुणा स्वतंत्र सक्सैना उपस्थित रहीं। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वच्छता अभियान के ब्रांड एम्बेस्डर डाॅ एम एल दौलतानी ने की। इस अवसर पर बडी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता जागरुकता अभियान के तहत आज वार्ड 59 स्थित नाकाचंद्रवनी के उषा काॅन्वेंट स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती करुणा स्वतंत्र सक्सैना ने कहा कि स्वच्छता रखना हम सभी का दायित्व है तथा सर्वप्रथम हमारा कर्तव्य है कि हम सब अपने वार्ड को स्वच्छता में नम्बर वन बनाएं तभी पूरा शहर स्वच्छता में नम्बर 1 बनेगा। इस अवसर पर कार्यक्रम के अध्यक्ष स्वच्छता अभियान के ब्रांड एम्बेस्डर डाॅ एम एल दौलतानी ने कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का अंग है तथा स्वच्छता में ईश्वर का वास होता है, यदि हमारा शहर स्वच्छता में नम्बर 1 बनेगा तो हम सबका मान सम्मान बढेगा। उन्होंने कहा कि यदि 12 लाख हाथ कचरा फैलाएंगे तो 2 हजार हाथ कचरा कैसे साफ कर पाएंगे, इसलिए यह केवल सफाई कर्मचारियों की ही नहीं बल्कि हम सबकी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सहायक स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिग्विजय सिंह जादौन, क्षेत्राधिकारी श्री राकेश कश्यप् सहित स्कूल के प्राचार्य एवं बच्चे आदि उपस्थित रहे।
प्रत्येक कक्षा में बनाए 2 स्वच्छता दूत
स्वच्छता जागरुकता अभियान के दौरान उषा काॅन्वेंट स्कूल की प्रत्येक कक्षा में 2-2 कुल 24 स्वच्छता दूत बनाए गए। सभी स्वच्छता दूतों को बैच एवं कैप लगाकर सम्मानित किया गया। सभी बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने शपथ ली कि न तो स्वयं कचरा फैलाएंगे न ही किसी को कचरा फैलाने देगें।

  

Share This News :