Home > अपना शहर ,
हल्के-हल्के सर्द मौसम में झरीं मीठी-मीठी राग-रागनियाँ

तानसेन समारोह-2016

राग-मनीषियों के गायन-वादन से रसिक हुए मंत्रमुग्ध

हल्के-हल्के सर्द मौसम में जब राग मनीषियों ने मीठी-मीठी राग-रागनियाँ छेड़ीं तो संगीत रसिक झूम उठे। यहाँ बात हो रही है भारतीय शास्त्रीय संगीत के सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव “तानसेन समारोह” के तहत सजी दूसरी और शनिवार की प्रात:कालीन सभा की। किले पर स्थित सहस्त्रबाहू मंदिर की थीम पर यहाँ तानसेन समाधि परिसर में बने भव्य एवं आकर्षक मंच से “नाद ब्रम्ह” के शीर्षस्थ साधक इस साल सुर सम्राट तानसेन को स्वरांजलि अर्पित कर रहे हैं। समारोह की दूसरी सभा का आगाज़ पारंपरिक ढंग से शंकर गान्धर्व संगीत महाविद्यालय द्वारा प्रस्तुत ध्रुपद गायन से हुआ।

“छैलवा ना डारो रे गुलाल........”

कोलकता से पधारीं किराना घराने की गायिका सुश्री शाश्वती बागची ने जब ठुमरी "छैलवा ना डारो रे गुलाल" सुनाई तो संगीत रसिक लोकरस में सराबोर हो गए। मधुर आवाज की धनी शास्वती बागची ने  राग 'गुर्जरी तोड़ी' से अपने गायन की शुरुआत की। उन्होंने विलंबबित एक ताल में बंदिश "जा जा रे पथिकवा" का गायन किया और छोटा ख्याल द्रुत में "मानो मानो मोरी बात" सुनाया। इनके साथ तबला पर श्री विश्वजीत देव, सारंगी पर उस्ताद मुन्ने खां व हारमोनियम पर जनाब जाकिर धौलपुरी ने संगत की।

“वायोलिन की मिठास में डूबे संगीत रसिक”

सेनिया घराने के वायोलिन वादक श्री शरतचंद श्रीवास्तव नई दिल्ली इस सभा के द्वितीय कलाकार थे। देश के युवा वायोलिन वादकों में शुमार शरतचंद ने राग "शुद्ध सारंग" से अपने वायोलिन वादन की शुरुआत की है। उनके वायोलिन से झर रहे सुरों की मिठास में रसिक गोता लगाते नजर आए। उन्होंने विलंबित गत के पश्चात मध्यमगत झपताल में और द्रुत तीन ताल में गत बजाईं। उन्होंने अपने वादन का समापन पूर्वी अंग की एक लोक धुन निकालकर किया। उनके साथ तबले पर श्री प्रशांत द्विवेदी ने कमाल की संगत की।

"हू तौ जैहों पिया के देश..."

"हू तौ जैहों पिया के देश कर सोलह श्रंगार" राग जौनपुरी और तीन ताल में विलंबित यह बड़ा ख्याल जब सुश्री मंजरी आलेगांवकर ने सुनाया तो घरानेदार गायकी जीवंत हो उठी। उन्होंने इसी कड़ी में छोटा ख्याल “अल्ला मौला रे तेरो नाम” प्रस्तुत किया। इसके पश्चात राग देशकार में पहले झपताल के बाद तीन ताल में छोटा ख्याल “कलन लागी श्याम लरकईंयाँ” का गायन किया। उन्होंने अपने गायन का समापन कबीर रचित निर्गुणी भजन “हीरना समझ बूझ वन चरना” सुनाकर किया। पुणे से पधारी सुश्री आलेगांवकर शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश की अग्रणी युवा गायिका हैं। वे जयपुर, अतरौली व आगरा घराने की गायकी में पारंगत हैं। सुश्री आलेगांवकर को शास्त्रीय संगीत में तो महारत हासिल है ही, वे सुगम संगीत, मंच संगीत और ग़ज़ल गायिकी में भी दक्ष हैं। उनके साथ तबले पर श्री अनिल मोघे व हारमोनियम पर उस्ताद जमीर हुसैन खां ने संगत की। उनकी सुयोग्य शिष्या सुश्री सायली आचार्य ने गायन में सहयोग किया। तानपूरे पर मृणाली पंडित ने संगत की।

“हरि हरि कुंजन में हरी हरी डार.....”

      शनिवार की प्रात:कालीन सभा में अंतिम प्रस्तुति के रूप में नई दिल्ली के सुप्रसिद्ध मलिक बंधुओं की ध्रुपद जुगलबंदी हुई। दरभंगा घराने की संगीत परंपरा के तेरहवीं पीढ़ी के प्रतिनिधि श्री प्रशांत और श्री निशांत मलिक ने राग मधुवंती में नोम-तोम के आलाप से ध्रुपद गायन का आगाज किया। आलाप जोड़ के पश्चात उन्होंने ताल चौताल में ध्रुपद गायन किया। गमकयुक्त आलापचारी मलिक बंधुओं की विशेषता रही। उन्होंने अपने गायन से वातावरण को स्वरमय बना दिया। ध्रुपद के बोल थे “हरि हरि कुंजन में हरी हरी डार”। उन्होंने शूलताल में द्रुत बंदिश की प्रस्तुति के साथ अपने गायन का समापन किया। उनके साथ पखावज पर श्री अनिल चौधरी ने संगत की।

वादी-संवादी में ध्रुपद और संगत पर हुआ विमर्श

      तानसेन समारोह के अंतर्गत यहाँ पड़ाव स्थित तानसेन कलावीथिका में शनिवार की दोपहर में वादी-संवादी कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें कलाकारों और रसिकों के बीच संगीत के विविध पहलुओं पर विमर्श हुआ। परिचर्चा में पं. सज्जनलाल भट्ट ने ध्रुपद पर अपने विचार रखे। पं. भट्ट ग्वालियर घराने के सुप्रसिद्ध गायक हैं। वादी-संवादी में उज्जैन से पधारे सुविख्यात हारमोनियम वादक श्री विवेक बंसोड़ ने हारमोनियम संगत की बारीकियाँ बताईं। गायन-वादन के कार्यक्रम के साथ इस परिचर्चा का समापन हुआ।

तानसेन समारोह में आज इनकी प्रस्तुति

चतुर्थ सभा (प्रात:) 18 दिसम्बर

ध्रुपद केन्द्र ग्वालियर के ध्रुपद गायन से यह सभा शुरू होगी। इसके बाद विश्व संगीत के तहत सुश्री एनी हॉयत नार्वे की प्रस्तुति होगी। इस सभा में सुश्री मधुप मुदगल नई दिल्ली का गायन श्री सुवीर मिश्र मुम्बई का रूद्रवीणा वादन और श्री सुहास व्यास पुणे का गायन होगा।

पंचम सभा (सायंकाल) 18 दिसम्बर

तानसेन संगीत महाविद्यालय ग्वालियर के ध्रुपद गायन से सभा की शुरूआत होगी। विश्व संगीत की श्रृंखला में श्री जोहर इजा़क फ्रेस्को इसराइल की प्रस्तुति। इसके बाद श्री कमलेश तिवारी भोपाल का ध्रुपद गायन, सुश्री शोभा चौधरी इंदौर का गायन तथा सुश्री किरण देशपाण्डे एवं सुश्री सुप्रीत देशपाण्डे भोपाल के तबला जुगलबंदी से सभा का समापन होगा।

      

Share This News :