Home > अपना शहर ,
विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन जारी

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश श्री अभय कुमार के मार्गदर्शन में ग्वालियर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उनके संरक्षण में प्रथम जागरूकता शिविर का आयोजन सेवानगर कम्युनिटी हॉल ग्वालियर में घरेलू हिंसा कानून एवं महिलाओं के अधिकार के संबंध में किया गया। इस कार्यक्रम में द्वतीय अपर जिला न्यायाधीश श्री संजीव कुमार अग्रवाल द्वारा घरेलू हिंसा अधिनियम के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा घरेलू हिंसा के तहत हो रही घटनाओं से भी अवगत कराया गया।

      इसी प्रकार जेएमएफसी श्री आर एल शाक्य द्वारा महिलाओं को संविधान में विशेष संरक्षण प्रदान किए गए हैं, उन कानूनों के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं अधिनियमों से परिचित करवाया गया। अधिवक्ता श्रीमती सुधा शर्मा ने बताया कि महिलायें अपने-अपने छोटे-छोटे विचारों को घरेलू स्तर पर ही निपटाने का प्रयास करें। प्रोफेसर श्रीमती अंजली शर्मा ने बताया कि महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण हेतु संविधान में काफी कानून हैं, परंतु उन्हें समझाने की जरूरत को बताया गया।

      कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हर्षराज दुबे भारतीय दण्ड संहिता में महिलाओं को बुरी नियत से पीछा करना, उन्हें घूरना भी अपराध की श्रेणी में रखा गया है। संविधान संशोधन के माध्यम से महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों में दण्ड की मात्रा में वृद्धि की गई है। कार्यक्रम में पीएलव्ही श्री रोहित श्रीवास्तव द्वारा भी सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन मदर टेरेसा समिति के संचालक अध्विक्ता श्री मुकेश कुलश्रेष्ठ द्वारा किया गया।

      द्वितीय जागरूकता शिविर का आयोजन निर्धन नगर शिंदे की छावनी ग्वालियर में गरीबी उन्मूलन योजना एवं मानव अधिकार एवं विधिक सहायता के संबंध में किया गया। जिसमें अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ग्वालियर श्री सुदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एक लाख वार्षिक आय से कम आय वाले व्यक्ति नि:शुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। जिले में प्रथम एडीजे की अध्यक्षता में लोकोपयोगी सेवा की लोक अदालत लगाई जाती है, जिसमें सेवा संबंधी कार्य से परेशान व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं। जेएमएफसी श्री के एन अहिरवार ने शासन की गरीबी उन्मूलन से संबंधित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी से अवगत कराया।

इसी प्रकार जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हर्षराज दुबे ने बताया कि विधिक प्राधिकरण के स्वरूप के संबंध में जानकारी दी कि तहसील से लेकर उच्चतम न्यायालय तक नि:शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध करवाये जाकर विधिक सहायता प्रदान की जाती है। पीएफ कमिश्नर श्री रिजवानुद्दीन ने बताया कि हम अपने स्वयं के साथ-साथ पर्यावरण का ख्याल रखें और प्रगति करें। अधिवक्तागण द्वारा भी आमजन को अपने बच्चों को शिक्षा दिलाये जाने की बात रखी गई। कार्यक्रम का संचालन अलख सामाजिक संस्था के संचालक श्री जावेद खान सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा किया गया।

इसी तरह तृतीय जागरूकता शिविर का आयोजन 17 दिसम्बर को ही ग्राम पंचायत हस्तिनापुर में विधिक सहायता योजना के संबंध में किया गया। जिसमें अतिरिक्त जिला न्यायाधीश ग्वालियर श्री संजय कुमार द्विवेदी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित आमजन को विधिक सहायता योजना की जानकारी दी गई और विधिक सेवा प्राधिकरण के स्वरूप के बारे में अवगत कराया गया। इसी प्रकार जेएमएफसी श्री राकेश कुमार जाटव ने लोक अदालत योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पक्षकार अपने मामले का राजीनामा के माध्यम से त्वरित निराकरण करा सकते हैं। जेएमएफसी श्री राकेश कुमार जाटव के निर्देशन में ग्राम हस्तिनापुर में आज चलित लोक अदालत का भी आयोजन किया गया, जिसमें पेनल अधिवक्ता श्री के एन उपमन्यू एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित हुए।

Share This News :