Home > राज्यो से ,
छापेमारी में पकड़ा गया 400 करोड़ का चायवाला!

नोटबंदी के बाद देश भर में नोटों की जब्ती और गिरफ्तारियों की दौर खत्म होने का नाम ले रहा है। गुजरात के सूरत से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। कभी ठेले पर 50 पैसे की चाय बेचने वाला शख्स आज 400 करोड़ से ज्यादा का मालिक है, पिछले चार दिन की छापेमारी में आयकर विभाग ने फाइनेंसर किशोर भजियावाला से 400 करोड़ के दस्तावेज बरामद किए हैं। इस मामले में किशोर ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

न्यूज18 इंडिया को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक पिछले चार दिन की तलाशी में शुक्रवार को खोले गए 8 लॉकर में 13 किलो सोना मिला है। इसके अलावा चांदी और 5 लाख की नकदी भी मिली है। गुरुवार को खोले गए 8 बैंक लॉकर में एक करोड़ 8 लाख रुपये मिले थे। इसके अलावा 75 लाख कीमत के गहने भी बरामद हुए हैं।

इतना ही नहीं सूत्रों के मुताबिक किशोर भजियावाला के लॉकर से आयकर विभाग को जो दस्तावेज मिले हैं उसमें और भी चौंकाने वाली जानकारी है। इनकम टैक्स को शक है कि किशोर फर्जी दस्तावेज के सहारे किसान बना है और किसान बनकर उसने पिछले एक साल में वापी से तापी के बीच 400 बीघा जमीन खरीदी है। इस जमीन का कुल बाजार मूल्य 600 करोड़ के आसपास बताया जा रहा है। आयकर विभाग से जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक जब पहले दिन आयकर विभाग ने किशोर भजियावाला के यहां छापा मारा था तो उसके घर से 23 लाख रुपये की नई करेंसी मिली थी। बताया जा रहा है कि कई साल पहले किशोर भजियावाला सूरत के उधना में ठेले पर चाय पकौड़ी बेचता था। इसके बाद उसने ऊंची ब्याज दर पर लोगों को पैसा देने का धंधा शुरू किया। इनकम टैक्स की छापेमारी में 13 बिल्डर के नाम का भी खुलासा हुआ है जो किशोर से ब्याज पर पैसा लेते थे।

किशोर भजियावाला की महीने की कमाई साढ़े सात करोड़ बताई जा रही है। मगर आयकर विभाग में वो सालाना सिर्फ डेढ़ करोड़ ही टैक्स भरता है। आरोप है कि काले धन को सफेद बनाने के लिए किशोर ने भगवान को भी नहीं बख्शा। सूरत के उधना इलाके में उसने एक मंदिर भी बनवाया था और पत्नी कमल भजियावाला के नाम पर एक एनजीओ भी रजिस्टर्ड है जहां करोड़ों का काला धन सफेद किया जा चुका है। आयकर विभाग अब इन तमाम आरोपों की जांच कर रहा है।

Share This News :