Home > अपना शहर ,
डिजिटल एवं कैसलेस व्यवस्था किसानों व सहकारी संस्थाओं के लिये फायदेमंद – डॉ. अवस्थी

इफको के प्रबंध निदेशक के मुख्य आतिथ्य में किसान एवं सहकार सम्मेलन आयोजित

डिजिटल एवं कैसलेस व्यवस्था किसानों एवं सहकारी संस्था दोनों के लिये फायदेमंद रहेगी। इस व्यवस्था से बिचौलिए दूर होंगे और इसका सीधा फायदा किसानों को मिलेगा। उक्त आशय के विचार इफको (इंडियन फारमर्स फर्टिलाइजर कोओपरेटिव लिमिटेड) के प्रबंध निदेशक डॉ. यू एस अवस्थी ने व्यक्त किए। डॉ. अवस्थी इफको द्वारा यहाँ मेला  परिसर स्थित मध्यप्रदेश एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन सेंटर आयोजित किए गए किसान एवं सहकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

इफको की स्थापना के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित हुए इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मुरैना के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने की। इस अवसर पर 10 प्रगतिशील किसान और इतने ही सहकारी बंधुओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक भिण्ड के अध्यक्ष श्री के पी सिंह भदौरिया, ग्वालियर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री कौशल शर्मा, संयुक्त आयुक्त सहकारिता श्री आर के वाजपेयी, इफको के राज्य प्रबंधक श्री एम एल जोशी तथा श्री योगेन्द्र कुमार मंचासीन थे।

      इफको के प्रबंध निदेशक डॉ. अवस्थी ने सहकारिता में महिलाओं को जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सहकारिता समितियों में महिलाओं की कम भागीदारी सभ्य समाज के लिये कतई उचित नहीं है। डॉ. अवस्थी ने कहा कि सभी सहकारी समितियों ने कम से कम 10 फीसदी महिलाओं की भागीदारी अवश्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा इफको किसानों की भलाई के लिये कटिबद्ध है और इफको बाजार के माध्यम से उन्हें उच्च कोटि के खाद-बीज, स्वास्थ्य सेवायें, मिट्टी परीक्षण की सुविधा, फसल सुरक्षा बीमा इत्यादि सुविधायें मुहैया करा रही है। उन्होंने बताया कि इफको द्वारा 50वें वर्ष के उपलक्ष्य में देश के 125 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें से 16वाँ कार्यक्रम ग्वालियर में आयोजित किया गया है।

      कार्यक्रम में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने किसानों एवं सहकारी बंधुओं को उन्नत खेती के संबंध में उपयोगी जानकारी दी। सीसीबी भिण्ड के अध्यक्ष श्री के पी सिंह भदौरिया ने भिण्ड जिले की सभी सोसायटियों को इफको से जोड़ने और श्री कौशल किशोर शर्मा ने चीनौर-भितरवार क्षेत्र में इफको बाजार खोलने की माँग इफको के प्रबंध निदेशक से की। कार्यक्रम में भिण्ड जिले से आए प्रगतिशील किसान श्री ओमप्रकाश पुरोहित तथा श्री गोपाल सिंह ठाकुर ने भी विचार व्यक्‍त किए। कार्यक्रम का संचालन इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री एस व्ही सिंह ने किया।

इन किसानों व सहकारी बंधुओं का हुआ सम्मान

      कृषकगण सर्वश्री रमेश सिंह कुशवाह भदौरली ग्वालियर, रामाधार सिंह डुगूमर ग्वालियर, रामेश्वर कशवाह ककरौआ दतिया, रामप्रताप दांगी आतेर दतिया, सुनील कुमार व्यास रायश्री शिवपुरी, रामकुमार वर्मा रातौर शिवपुरी, अतर सिंह करारी मुरैना, राजेश शर्मा गंजरामपुर मुरैना, कल्याण सिंह कल्याणपुरा भिण्ड, ओमप्रकाश पावई भिण्ड। सहकारी बंधु गण सर्वश्री कौशल किशोर शर्मा सहकारी संस्था अकबई ग्वालियर, नरेश कुमार करियावटी ग्वालियर, इन्द्रपाल सिंह पिछोर शिवपुरी, पंजाब सिंह गुर्जर कोटा शिवपुरी, चंद्रेश रघुवंशी पचावली शिवपुरी, मेघ सिंह गुर्जर सेंवढ़ा दतिया, हरीराम धाकड़ कैलारस मुरैना, सूरज प्रताप सिंह सिकरवार जौरा मुरैना, लोकेन्द्र सिंह भिण्ड व अनिरूद्ध प्रताप सिंह कुशवाह सहकारी संस्था बैसपुरा भिण्ड। 

  

Share This News :