Home > अपना शहर ,
भारतीय शास्त्रीय संगीत का शीर्षस्थ महोत्सव “तानसेन समारोह” आज से

पाँच दिनों तक सुर, ताल, राग की बारिश में सराबोर रहेगा ग्वालियर

केन्द्रीय मंत्री तथा प्रदेश के मंत्रिगणों के आतिथ्य में होगा अलंकरण एवं शुभारंभ समारोह

ग्वालियर सहित देश और दुनियाभर से आए संगीत रसिक पाँच दिनों तक सुर, ताल व राग की बारिश में सराबोर रहेंगे। भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव “तानसेन समारोह” संगीत की नगरी ग्वालियर में 16 दिसम्बर को शुरू हो रहा है। राष्ट्रीय तानसेन अलंकरण समारोह एवं शुभारंभ समारोह इस दिन सायंकाल 7 बजे हजीरा स्थित तानसेन समाधि परिसर में सास-बहू (सहस्त्रबाहू) मंदिर की थीम पर बनाए गए भव्य एवं आकर्षक मंच पर आयोजित होगा।

इस बार के तानसेन संगीत समारोह में दो राष्ट्रीय तानसेन अलंकरण प्रदान किए जायेंगे। ग्वालियर घराने के सुप्रतिष्ठित गायक पण्डित लक्ष्मण कृष्णराव पण्डित को वर्ष 2015-16 एवं नाथद्वारा घराने के सुविख्यात पखावज वादक पण्डित डालचंद शर्मा नई दिल्ली को वर्ष 2016-17 के राष्ट्रीय तानसेन अलंकरण से विभूषित किया जायेगा। ब्रम्हनाद के इन दोनों मूर्धन्य साधकों को सम्मान स्वरूप दो-दो लाख रूपए की सम्मान राशि, सम्मान पट्टिका एवं शॉल, श्रीफल भेंट किए जायेंगे। अभी तक इस सम्मान से 46 मूर्धन्य संगीत कलाकार सम्मानित हो चुके हैं।

      राष्ट्रीय तानसेन अलंकरण समारोह केन्द्रीय ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया तथा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संस्कृति एवं पर्यटन, किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री सुरेन्द्र पटवा के आतिथ्य में आयोजित होगा। अलंकरण समारोह में सांसद श्री प्रभात झा, महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, विधायकगण सर्वश्री नारायण सिंह कुशवाह, भारत सिंह कुशवाह, लाखन सिंह यादव व श्रीमती इमरती देवी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव को भी बतौर अतिथि आमंत्रित किया गया है।

भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश के सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव “तानसेन समारोह” संगीत की नगरी ग्वालियर में इस साल 16 से 20 दिसम्बर तक आयोजित होगा। यह समारोह भारतीय संगीत की अनादि परंपरा के श्रेष्ठ कला मनीषी संगीत सम्राट तानसेन को श्रद्धांजलि व स्वरांजलि देने के लिये पिछले 92 साल से आयोजित हो रहा है। राज्य शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी और मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद द्वारा तानसेन समारोह का आयोजन किया जाता है।

 

 

प्रात:काल में हरिकथा व मीलाद का गायन

      गान महर्षि तानसेन की स्मृति में आयोजित होने वाले""तानसेन समारोह'' के अपने अलग ही रंग हैं । समारोह के शुभारंभ दिवस को प्रात: काल में तानसेन की समाधि पर सामाजिक समरसता के सजीव दर्शन होते हैं । इस बार भी 16 दिसम्बर को प्रात: काल 9.30 बजे तानसेन की समाधि पर पारंपरिक ढंग से हरिकथा व मीलाद का गायन होगा।

प्रथम संगीत सभा में इनकी होगी प्रस्तुति

      इस वर्ष के तानसेन समारोह की प्रथम संगीत सभा 16 दिसम्बर को सायंकाल राष्ट्रीय तानसेन अलंकरण समारोह के बाद सजेगी। पहली संगीत सभा में तानसेन अलंकरण से विभूषित होने जा रहे पं. लक्ष्मण कृष्णराव पण्डित का गायन एवं पं. डालचंद शर्मा का पखावज वादन प्रमुख आकर्षण होंगे। इस सभा में श्री व्यंकटेश कुमार धारवाड़ का गायन भी होगा। पहली सभा का आगाज शासकीय माधव संगीत महाविद्यालय ग्वालियर द्वारा प्रस्तुत ध्रुपद गायन से होगा।

इस बार भी विश्व संगीत की प्रस्तुति

इस बार के संगीत समारोह में भी गत वर्ष की भाँति विश्व संगीत शामिल किया गया है। समारोह में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विदेशी संगीत साधक प्रस्तुतियाँ देंगे। इनमें नार्वे, ईराक, इजराइल, बेल्जियम एवं स्विट्जरलैण्ड आदि देशों के स्थापित कलाकार शामिल हैं। 

कुल 9 संगीत सभायें होंगी

इस बार के समारोह में कुल 9 संगीत सभायें होंगी। देश एवं विदेश से आ रहे ब्रम्हनाद के शीर्षस्थ साधक इन संगीत सभाओं में गान मनीषी तानसेन को स्वरांजलि अर्पित करेंगे। पहली 7 संगीत सभायें सुर सम्राट तानसेन की समाधि एवं मोहम्मद गौस के मकबरा परिसर में सास-बहू (सहस्त्रबाहू) मंदिर की थीम पर बने भव्य एवं आकर्षक मंच पर सजेंगीं। समारोह की आठवीं सभा सुर सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में झिलमिल नदी के किनारे सजेगी। किला परिसर स्थित गूजरी महल को भी इस बार तानसेन समारोह से जोड़ा गया है। समारोह की नौवीं एवं आखिरी संक्षिप्त संगीत सभा 20 दिसम्बर को सायंकाल गूजरी महल में आयोजित होगी।

 à¤¦à¤¸à¥à¤¤à¤¾à¤µà¥‡à¤œ एवं धरोहर प्रदर्शनी

      तानसेन समारोह पर केन्द्रित कलात्मक छायाचित्रों की प्रदर्शनी भी पूर्व वर्षों की भाँति मुख्य समारोह स्थल पर 16 से 19 दिसम्बर तक लगाई जायेगी। तानसेन समारोह की स्मृतियों के छायाचित्र “दस्तावेज” प्रदर्शनी में सजाए जायेंगे। साथ ही “धरोहर” में संगीत रचनाओं की पांडुलिपियाँ कलारसिकों के अवलोकनार्थ उपलब्ध रहेंगी।

रंग संभावना

      तानसेन समारोह के दौरान कलात्मक अभिव्यक्ति तथा ग्वालियर क्षेत्र की कला के प्रोत्साहन स्वरूप शासकीय ललितकला महाविद्यालय में “रंग संभावना” शीर्षक से प्रदर्शनी लगाई जायेगी। यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों को अपनी कला के साक्षात्कार करने का माध्यम बनेगी। यह प्रदर्शनी 16 से 20 दिसम्बर तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सायंकाल 6 बजे तक जन सामान्य के लिये खुली रहेगी।

Share This News :