Home > अपना शहर ,
आनंदम सहयोगी के रूप में श्री शर्मा और श्री उपाध्याय चयनित

आनंद उत्सव के संबंध में

राज्य सरकार द्वारा स्थापित किए जा रहे आनंद विभाग के अंतर्गत जिला स्तर पर “आनंदम सहयोगी” के लिये ग्वालियर जिले में डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा और श्री प्रभात रंजन उपाध्याय को चयनित किया गया है।

      प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि जिले में आनंद उत्साही के रूप में भाग लेने के लिये जिला प्रशासन द्वारा ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए थे। जिसमें प्राप्त आवेदनों में परीक्षण उपरांत डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा और प्रभात रंजन उपाध्याय का चयन किया गया है।

      श्री वर्मा ने बताया कि राज्य शासन ने आनंद विभाग तथा उसके अंतर्गत पंजीकृत सोसायटी के रूप में “राज्य आनंद संस्था” का गठन किया है। यह विभाग शासकीय तथा अशासकीय संस्थाओं के माध्यम से ऐसी विभिन्न गतिविधियों का संचालन करेगा, जो हमें परिपूर्ण जीवन जीने की कला सिखा सके। आनंद उत्सव की इन्हीं गतिविधियों की श्रृंखला की एक कड़ी है, जिसका आयोजन प्रदेशभर में 14 जनवरी से 21 जनवरी 2017 के बीच पंचायत अथवा तीन-चार पंचायतों के समूह स्थल पर किया जायेगा।

      अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि आनंदमयी प्रतियोगिताओं में पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे, जिसमें प्रत्येक पंचायत हेतु 15 हजार रूपए की राशि प्रदान की जायेगी। उन्होंने बताया कि पंचायत एवं अनुविभागीय स्तर पर समितियों का गठन किया जायेगा। पंचायत स्तर पर पंचायत के सरपंच, चयनित स्वयंसेवक तथा स्थानीय स्तर के कर्मचारियों को रखा जायेगा। अनुविभाग स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठित होगी, जिसमें जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा प्रभारी अधिकारी समस्त विभाग को रखा जायेगा।

      पंचायत स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में महिलाओं की भी प्रतियोगितायें आयोजित की जायेंगी। सम्पूर्ण जिले में की गईं प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन कलेक्टर के माध्यम से जिला स्तर पर किया जायेगा।

Share This News :