Home > अपना शहर ,
प्रतिष्ठापूर्ण "तानसेन समारोह'' की तैयारियाँ जारी

तीन किलोमीटर के दायरे में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर प्रतिबंध

भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव "तानसेन समारोह'' की तैयारियाँ जारी हैं। इस कड़ी में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री शिवराज वर्मा ने समारोह आयोजन स्थल अर्थात तानसेन समाधि के तीन किलोमीटर के दायरे में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है।

यह आदेश 16 दिसम्बर से 20 दिसम्बर तक प्रभावशील रहेगा। साथ ही अंतिम संगीत सभा के दिन यानि 20 दिसम्बर को बेहट में भी समारोह स्थल पर यह आदेश लागू होगा। जिला दण्डाधिकारी ने यह आदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत जारी किया है।

विदित हो इस बार भी "तानसेन समारोह'' के तहत मुख्य समारोह हजीरा स्थित संगीत सम्राट तानसेन समाधि परिसर में आयोजित होगा। तानसेन समारोह 16 दिसम्बर से शुरु होकर से 20 दिसम्बर तक चलेगा। समारोह में कुल 9 संगीत सभाएँ होंगी। पहली 7 सभाएँ तानसेन समाधि स्थल पर सजेंगी। आठवीं संगीत सभा तानसेन की जन्म स्थली बेहट में झिलमिल नदी के किनारे 20 दिसम्बर को प्रात:काल में आयोजित होगी। अंतिम संगीत सभा गूजरी महल परिसर में 20 दिसम्बर के सायंकाल सजेगी।

Share This News :