Home > अपना शहर ,
“गमक” में आज सुनिए सुविख्यात लोक गायिका सुश्री मालिनी अवस्थी की ठुमरी

तानसेन समारोह की पूर्व संध्या

उच्च शिक्षा मंत्री के मुख्य आतिथ्य में होगा कार्यक्रम

तानसेन समारोह की पूर्व संध्या पर सायंकाल 7 बजे हजीरा चौराहे पर उपशास्त्रीय संगीत सभा “गमक” सजेगी। उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया इस संगीत सभा के मुख्य अतिथि होंगे। सभा में संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सुरेन्द्र पटवा बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।

“गमक” में सुविख्यात उप शास्त्रीय गायिका सुश्री मालिनी अवस्थी लोकधारा बिखेरेंगी। अपने ग्वालियर शहर की उदयीमान बाल गायिका कु. अभिनिष्ठा मिश्रा द्वारा मंगला चरण की प्रस्तुति भी होगी। सुश्री मालिनी अवस्थी के लोक गायन में पं. रामकुमार मिश्रा तबला और पं. धर्मनाथ मिश्रा हारमोनियम पर संगत करेंगे।

मालूम हो सुश्री मालिनी अवस्थी देश की विख्यात लोक गायिका हैं। अवधी, भोजपुरी, बुंदेलखण्डी और सूफियाना लोक गायिकी में उन्हें महारत हासिल है। उन्होंने विभिन्न हिंदी व भोजपुरी फिल्मों में भी पार्श्व गायिकी भी की है। उनके द्वारा गाए गए खासतौर पर ठुमरी, कजरी एवं बन्ना लोकगीत विशेष लोकप्रिय हुए हैं। इनमें ठुमरी “सैंया मिले लरकैंया”, “ससुराल गेंदा फूल” इत्यादि प्रमुख हैं। पद्मश्री से सम्मानित सुश्री मालिनी अवस्थी इंग्लैण्ड, अमेरिका, फिजी, मॉरिशस, हॉलेण्ड आदि देशों में भी अपनी सफल प्रस्तुतियाँ दे चुकी हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उन्हें पिछले यूपी चुनाव में ब्राण्ड एम्बेसडर भी नियुक्त किया गया था।

Share This News :