Home > अपना शहर ,
साढ़े 7 करोड़ रूपए से अधिक की राशि अशोकनगर के 3 हजार 554 किसानों के खातों में जमा होगी

देश में फसल बीमा का लाभ लेने वाला दूसरा जिला बना अशोकनगर

प्रधानमंत्री फसल बीमा राशि का किसानों को लाभ दिलाने वाला देश में मध्यप्रदेश का दूसरा जिला अशोकनगर बना है। ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने अशोकनगर जिले के मुंगावली तहसील के अति वर्षा से प्रभावित सभी 3 हजार 554 किसानों के खातों में बीमा की 25 प्रतिशत राशि 7 करोड़ 55 लाख 54 हजार 499 रूपए एक सप्ताह में जमा कराने के निर्देश बीमा कंपनी को दिए हैं। शेष 75 प्रतिशत राशि लगभग 21 करोड़ रूपए अंतिम किस्त के रूप में किसानों को और भुगतान की जायेगी। यह निर्देश कमिश्नर श्री रूपला ने बुधवार को अपने कार्यालय सभाकक्ष मानसभागार में आयोजित संभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में बीमा कंपनी के जिला प्रबंधक को दिए।

     यहाँ उल्लेखनीय है कि अशोकनगर जिले में 41 हजार 176 किसानों की एक लाख 25 हजार 172 हैक्टेयर फसल का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सोयाबीन फसलों का बीमा कराया था। इसमें 375.35 करोड़ रूपए की बीमित और साढ़े 7 करोड़ रूपए की प्रीमियम राशि है। जिले की मुंगावली तहसील में खरीफ फसल की हुई नुकसानी का बीमा क्लेम कंपनी द्वारा पिछले माह ही तैयार किया गया था।

     कमिश्नर श्री रूपला ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के हित संरक्षण के लिये पूरे देश में इसी वर्ष खरीफ फसल से प्रारंभ की गई थी। इस योजना का किसानों को लाभ दिलाने वाला देश में मध्यप्रदेश का पहला जिला दतिया बना। दतिया जिले में पिछले माह 4 नवम्बर 2016 को प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 16 हजार 256 किसानों को प्रथम किस्त के रूप में 25 प्रतिशत राशि 9.39 करोड़ के प्रमाण-पत्र किसानों को वितरित किए थे। यह राशि भी किसानों के खातों में जमा करा दी गई है। कमिश्नर ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत ग्वालियर संभाग में खरीफ फसल के दौरान 2 लाख 28 हजार 778 किसानों के 5 लाख 58 हजार 334 हैक्टेयर क्षेत्र की फसलों का बीमा किया गया। इसमें 15 करोड़ 38 लाख 81 हजार रूपए की बीमा और 30 करोड़ 77 लाख रूपए की प्रीमियम राशि है जो किसानों से 2 प्रतिशत प्रीमियम के रूप में जमा हुई थी।

98 हजार 904 क्विंटल हुई धान की खरीदी

     धान खरीदी की समीक्षा करते हुए बताया गया कि ग्वालियर जिले में धान खरीदी जारी है। अभी तक एक हजार 107 किसानों से 98 हजार 904 क्विंटल धान की खरीदी की गई है, जिसका मूल्य 13 करोड़ 27 लाख रूपए है। इसमें से किसानों को 12 करोड़ 10 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है।  82 प्रतिशत धान का सुरक्षित भण्डारण भी किया जा चुका है। विपणन संघ को भुगतान के मामले की समीक्षा के दौरान सहकारिता विभाग के संयुक्त पंजीयक ने बताया कि इसी सप्ताह विपणन संघ को 15 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया है।  15 दिवस के अंदर शेष राशि का भुगतान भी विपणन संघ को कर दिया जायेगा।

गोकुल महोत्सव के दौरान 5 लाख 86 हजार पशुओं का हुआ टीकाकरण

     पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर से चलाए गए गोकुल महोत्सव के तहत ग्वालियर संभाग के पाँचों जिलों में गाँव-गाँव पशुओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिये 4 हजार 445 शिविर आयोजित किए गए। संभाग में पंजीकृत एक लाख 58 हजार 870 पशुपालकों के 9 लाख 51 हजार 805 पशुओं में से 5 लाख 36 हजार 200 पशुओं का टीकाकरण किया गया। एक लाख 50 हजार 397 पशुओं का उपचार किया गया।  10 हजार 97 बधियाकरण, 29 हजार 687 पशुओं के बांझपन का उपचार किया गया।  5 हजार 32 मादा पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान, 19 हजार 409 का गर्भावस्था निदान, 2 हजार 113 पशुओं की शल्य चिकित्सा की गई। गोकुल महोत्सव 30 नवम्बर 2016 तक चलाया गया।

Share This News :