Home > अपना शहर ,
निगमायुक्त ने जनसुनवाई कर किया समस्याओं का निराकरण, अधिकारियों को दिए निर्देष

नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी ने आज निगम मुख्यालय में जनसुनवाई कर लगभग 34 आवेदकों की समस्याएं सुनकर, उनके आवेदनों का समय सीमा में निराकरण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई के दौरान अपर आयुक्त श्री आर के श्रीवास्तव, उपायुक्त श्री के के गौर, उपायुक्त श्री एपीएस भदौरिया सहित सभी विभागाधिकारी उपस्थित रहे।
सिटी सेंटर स्थित नारायणकृष्ण शेजवलकर प्रशासनिक भवन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान स्रोती गुरु की बगिया एयरटेल टाॅवर के पास केन्टोमेंट क्षेत्र मुरार के निवासियों द्वारा सीवर समस्या को लेकर आवेदन दिया तथा सीवर लाइन डलवाने का आग्रह किया। जिस पर निगमायुक्त श्री अनय द्विवेदी द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही दिव्यांग युवक श्री दीपू राठौर निवासी दुर्गापुरी गदाई पुरा द्वारा निशक्तजन पेंशन बंद हो जाने पर पेंशन पुनः प्रारंभ कराने का आग्रह किया जिस पर निगमायुक्त सर ने जनकल्याण अधिकारी को तत्काल समस्या निराकरण के निर्देश दिए।
वहीं साई विहार समाधिया काॅलोनी के निवासियों द्वारा क्षेत्र में सीवर एवं पानी की समस्या के निराकरण के लिए आग्रह किया, जिस पर संबंधित क्षेत्राधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही समाजसेवी संगठन के सदस्यों द्वारा जेएएच परिसर में हरे पेड काटे जाने को लेकर शिकायत की जिस पर संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। वहीं जनसुनवाई के दौरान दर्पण काॅलोनी में माॅडल स्कूल के पास के निवासियों द्वारा सडक पर गंदा पानी भरे रहने की शिकायत की जिस पर निगमायुक्त ने संबंधित क्षेत्राधिकारी को तत्काल समस्या का निराकरण करवाने के लिए निर्देश दिए। वहीं अध्यात्म निकेतन के पास सेक्टर नम्बर 2 में आमरास्ते पर अतिक्रमण कर रास्ता रोकने की शिकायत की गई जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही जनसुनवाई के दौरान अन्य आवेदकों द्वारा विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन दिया गया जिस पर निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

Share This News :