Homeखेल ,
अब सहवाग ने की वकालत, कोहली को बना दो तीनों फॉर्मेट का कप्तान

टेस्ट क्रिकेट में कोहली की लगातार शानदार कप्तानी के बाद टीम इंडिया के पूर्व धाकड़ ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने उन्हें तीनों फॉर्मेट की ज़िम्मेदारी देने की वकालत की है। सहवाग का कहना है कि वक्त आ गया है कि अब कोहली को ही तीनों फॉर्मेंट का कप्तान बना दिया जाए।

आखिरकार एक पूर्व ओपनर ने ही भारतीय क्रिकेट में कप्तानी को लेकर एक नई बहस की शुरुआत करा दी। सवहाग कोई मामूली खिलाड़ी नहीं है। अपने पूरे करियर में महेंद्र सिंह धोनी के साथ उनके रिश्तों में भले ही सुनील गावस्कर-कपिल देव या फिर अज़हरुद्दीन-तेंदुलकर जैसी खटास नहीं रही हो। लेकिन रिटायरमेंट के बाद सहवाग का कोहली को तीनों फॉर्मेट की कप्तानी देने की बात कई जानकारों को खटक सकती है। ख़ासकर ये देखते हुए कि फिलहाल इस मु्द्दे पर बहस का कोई मतलब नहीं है। जब ये तय है कि अगली सीरीज़ में धोनी ही कप्तान होंगे।

2017 में धोनी सिर्फ अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ 3 वन-डे और 3 टी20 मैचों में कप्तानी करेंगे। इसके बाद धोनी की कप्तानी का नंबर 5 महीने बाद जून के महीने में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान आएगा। अगर धोनी 2013 में इंग्लैंड में ही जीती अपनी ट्रॉफी को डिफेंड करने में नाकाम होते हैं तो उस वक्त तो कोहली को हर फॉर्मेंट में कप्तान बनाने की चर्चा होगी ही। ऐसे में शानदार जीत के ऐसे वक्त में सहवाग का ये बयान कहीं वन-डे और टी-20 के कप्तान पर धोनी पर अनावश्यक दबाव बनाने वाली बात तो नहीं है?

कोहली लीडर हैं, टीम इंडिया के लिए हर फॉर्मेंट में भविष्य के कप्तान भी होंगे। ये बात खुद धोनी भी शालीन तरीके से कह चुके हैं। लेकिन, अब तक चयनकर्ताओं ने भी धोनी को कप्तानी से हटाने के बारे में चर्चा तक नहीं की है। लेकिन, मुमकिन है कि वीरू के इस बड़े बोल के बाद भारतीय क्रिकेट में अलग अलग फॉर्मेंट के लिए अलग अलग कप्तान की सोच पर फिर से चर्चा और बहस शुरू हो जाए।

Share This News :